लॉरेंस बिश्नोई के पूर्व सहयोगी की हत्या के मामले में पांच लोग गिरफ्तार

Author: navabharat digital
UPDATED: Wed, 17 Dec 2025 04:18 PM
लॉरेंस बिश्नोई के पूर्व सहयोगी की हत्या के मामले में पांच लोग गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली: दिल्ली पुलिस ने चंडीगढ़ में प्रतिद्वंद्वी गैंगस्टर की हत्या के सिलसिले में आरजू-अनमोल बिश्नोई-हैरी बॉक्सर गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी। गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के पूर्व करीबी सहयोगी इंदरप्रीत ंिसह उर्फ ??पैरी की एक दिसंबर को चंडीगढ़ के सेक्टर-26 में एक क्लब से निकलने के कुछ ही समय बाद हत्या कर दी गई थी।

पैरी जब अपनी एसयूवी में बैठा था तभी एक हमलावर ने उस पर करीब से गोली चलाई और अपने साथियों के साथ फरार हो गया। सूत्रों के अनुसार, गंभीर रूप से घायल पैरी को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने इस हत्या के पीछे का कारण गिरोहों के बीच आपसी दुश्मनी होना बताया था।

पैरी पहले बिश्नोई गिरोह से जुड़ा हुआ था, लेकिन ऐसा माना जाता है कि वह कनाडा स्थित गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के गिरोह में शामिल हो गया था।
चंडीगढ़ के सेक्टर-33 के रहने वाले पैरी के खिलाफ केंद्र शासित प्रदेश और पंजाब में हत्या के प्रयास, जबरन वसूली, मारपीट, दंगा और शस्त्र अधिनियम के तहत अपराधों सहित कई आपराधिक मामले दर्ज थे।

लॉरेंस बिश्नोई के साथ पैरी का संबंध कॉलेज के दिनों से था, जहां उन्होंने 2010 में पंजाब विश्वविद्यालय के छात्र संगठन के माध्यम से छात्र राजनीति में प्रवेश किया था। दोनों अतीत में एक साथ जेल जा चुके हैं। पैरी की हत्या के तुरंत बाद लॉरेंस बिश्नोई गिरोह ने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से जिम्मेदारी लेते हुए कहा था कि यह हत्या दुबई में उनके वित्तपोषक की हत्या का बदला लेने के लिए की गई थी।

पुलिस के मुताबिक पैरी की हत्या के सिलसिले में गिरफ्तार किए गए आरोपी पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में कई आपराधिक मामलों में वांछित थे।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital