
चंडीगढ़. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने शुक्रवार को कहा कि पार्टी नेताओं- सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के आरोपपत्र को अदालत द्वारा खारिज किए जाने से नरेन्द्र मोदी सरकार की ”प्रतिशोध की राजनीति” बेनकाब हो गयी है. सुरजेवाला ने इसे ”राजनीतिक रूप से प्रेरित कार्रवाई” करार देते हुए कहा कि अदालत ने 16 दिसंबर को ईडी के मामले को खारिज कर दिया. उन्होंने आरोप लगाया कि ईडी का इस्तेमाल राजनीतिक कारणों से कांग्रेस नेताओं को निशाना बनाने के लिए एक हथियार के रूप में किया गया.
कांग्रेस नेता ने यहां संवाददाताओं से कहा कि कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी और विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ मामला ”कानूनी रूप से निराधार और राजनीतिक प्रतिशोध से प्रेरित है.” सुरजेवाला ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने पिछले 11 वर्षों में विपक्षी नेताओं को परेशान करने के लिए केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग किया है. उन्होंने अदालत की उन टिप्पणियों का हवाला दिया, जिनमें कहा गया था कि ईडी ने नेशनल हेराल्ड मामले में अपना पहले का रुख बदलते हुए 2021 में धनशोधन की जांच शुरू की थी. सुरजेवाला ने कहा कि अदालत ने इस बात पर जोर दिया कि 2014 से 2021 के बीच न तो सीबीआई और न ही ईडी ने सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ कोई मामला दर्ज किया था, क्योंकि कोई अपराध नहीं पाया गया था.



