मनसे के साथ गठबंधन की घोषणा ‘दो-तीन दिन में’ होगी: संजय राउत

मुंबई. शिवसेना (उबाठा) नेता संजय राउत ने रविवार को कहा कि राज ठाकरे के नेतृत्व वाली महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के साथ गठबंधन को लेकर वार्ता अंतिम चरण में पहुंच गई है और दो से तीन दिन में आधिकारिक घोषणा कर दी जाएगी. स्थानीय निकाय चुनावों की मतगणना के बीच पत्रकारों से बातचीत में राउत ने यह भी कहा कि महा विकास आघाडी (एमवीए) में शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) की सहयोगी कांग्रेस को मनसे को लेकर कुछ आपत्तियां हैं.

उन्होंने नगर निगम चुनावों के लिए मनसे के साथ गठबंधन के संबंध में कहा, “हमारा मानना है कि (रविवार को हुई) यह आखिरी बैठक है. दो-तीन दिन में आधिकारिक घोषणा की जाएगी.” मुंबई समेत 29 नगर निगमों के लिए चुनाव 15 जनवरी को होंगे और मतगणना अगले दिन होगी. राउत ने कहा कि बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के चुनावों के लिए कांग्रेस को साथ लाने के प्रयास जारी हैं.

राउत ने कहा, “कांग्रेस ने राज ठाकरे के नेतृत्व वाली मनसे को लेकर अपनी आपत्ति जताई है. हमने कांग्रेस को समझाने की कोशिश की कि भाजपा को हराने के लिए एकजुट होना जरूरी है. हालांकि, उन्हें मनाने के प्रयास जारी हैं.” उन्होंने कहा, “मुंबई में गठबंधन न होने के बावजूद हमारे बीच (कांग्रेस के साथ) कोई मनमुटाव नहीं है.” कांग्रेस महासचिव और महाराष्ट्र प्रभारी रमेश चेन्निथला ने शनिवार को कहा था कि पार्टी कार्यकर्ता बीएमसी चुनाव स्वतंत्र रूप से लड़ने पर जोर दे रहे हैं. उन्होंने कहा था, “हम प्रदूषण, स्वास्थ्य सेवा और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर चुनाव लड़ेंगे. मुंबईवासियों को हमें उनकी सेवा करने का मौका देना चाहिए. महानगर के धर्मनिरपेक्ष ताने-बाने की रक्षा के लिए कांग्रेस स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ने को दृढ. संकल्पित है.”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button