
बहराइच. उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में सोमवार सुबह एक भेडि़या घर में घुसकर मां के बगल में सो रहे तीन साल के एक बच्चे को कथित तौर पर उठा ले गया. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि बाद में तलाश करने पर एक खेत में बच्चे का क्षत-विक्षत शव बरामद किया गया.
प्रभागीय वन अधिकारी राम सिंह यादव ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि सोमवार तड़के करीब साढ़े चार बजे रसूलपुर दरेटा गांव में घर के बरामदे में अपनी मां के साथ सो रहे अंश (तीन) को भेडि़या कथित तौर पर उठा ले गया. उन्होंने बताया कि बच्चे को उठाकर ले जाने की खबर मिलते ही ग्रामीणों के साथ वन विभाग की टीमों ने तलाश शुरू की. अधिकारी ने बताया कि दोपहर करीब 12 बजे बच्चे का क्षत-विक्षत शव उसके घर से करीब एक किलोमीटर दूर एक खेत में पाया गया. उन्होंने बताया कि जानवर ने बच्चे के दोनों हाथ और एक पैर खा लिया था.
अधिकारी ने बताया कि प्रभावित क्षेत्र में पिंजरे, कैमरा ट्रैप, ड्रोन तथा आधुनिक तरीकों के साथ साथ अन्य परंपरागत तरीकों से भेडि़यों को पकड़ने की कोशिशें लगातार जारी हैं. उन्होंने बताया कि प्रदेश के अन्य जिलों व दूसरे राज्यों से विशेषज्ञ व शूटर बुलाकर अभियान चलाया जा रहा है और इस साल 28 सितंबर से अब तक छह भेडि़ये मारे जा चुके हैं. जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने घाघरा नदी के कछार वाले इलाकों में किसानों से गन्ने की फसल जल्द कटाने को कहा है. यादव ने बताया कि कैसरगंज क्षेत्र में अब तक वृद्ध दंपति सहित कुल 12 लोगों की भेडि़यों के हमलों में मौत हुई है, जबकि 32 लोग घायल हुए हैं.



