वाजपेयी ने सुशासन की नींव रखी, प्रधानमंत्री मोदी उनके दृष्टिकोण को साकार कर रहे हैं: नितिन नवीन

प्रधानमंत्री नरेन्­द्र मोदी की वजह से भारत की हैसियत पूरी दुनिया में बनी : राजनाथ सिंह

नयी दिल्ली/लखनऊ. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन ने बृहस्पतिवार को कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने विचारधारा और मूल्यों पर आधारित राजनीति के प्रति अपनी ‘अटूट प्रतिबद्धता’ के माध्यम से विकास एवं सुशासन के एक नए युग की नींव रखी तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उनके इस दृष्टिकोण को साकार कर रहे हैं.

यहां भाजपा मुख्यालय में पूर्व प्रधानमंत्री वाजपेयी की 101वीं जयंती पर उनके व्यक्तित्व और योगदान को प्रर्दिशत करने वाली एक प्रदर्शनी का उद्घाटन करने के बाद नवीन ने लोगों तथा पार्टी कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री मोदी के भारत को एक विकसित देश बनाने के संकल्प को पूरा करने के लिए ‘मिलकर काम करने’ का आग्रह किया.

नवीन ने कहा, ”अटल जी को यह हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी.” इस कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सांसद अरुण सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री सत्यनारायण जटिया, राष्ट्रीय मीडिया सह-प्रभारी संजय मयूख और पार्टी के कई अन्य नेता मौजूद रहे.
वाजपेयी के जीवन और नीतियों पर प्रकाश डालते हुए नवीन ने कहा, ”विचारधारा और मूल्यों पर आधारित राजनीति के प्रति अपनी अटूट प्रतिबद्धता के माध्यम से अटल जी ने देश में विकास और सुशासन के एक नए युग की नींव रखी.” उन्होंने कहा कि वाजपेयी उस चेतना के प्रतीक थे, जिसने लोकतंत्र को ‘शोर मचाने की नहीं, बल्कि संवाद की संस्कृति’ सिखाई. भाजपा नेता ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा निर्धारित विकसित भारत का लक्ष्य ‘हम सभी के मिलकर काम करने’ से ही प्राप्त किया जा सकता है, जो अटल जी को सच्ची श्रद्धांजलि होगी.

प्रधानमंत्री नरेन्­द्र मोदी की वजह से भारत की हैसियत पूरी दुनिया में बनी : राजनाथ सिंह

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने देश को विकास और आत्मनिर्भरता के पथ पर ले जाने का श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्­द्र मोदी को देते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि पहले अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की बातों को गंभीरता से नहीं लिया जाता था, लेकिन आज भारत की हैसियत पूरी दुनिया में बनी है.

यहां पूर्व प्रधानमंत्री ‘भारत रत्न’ अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी द्वारा ‘राष्ट्र प्रेरणा स्थल’ के लोकार्पण और पंडित श्­यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमाओं के अनावरण के मौके पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सिंह ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय जगत में भारत की प्रतिष्ठा बढ़ाने वाले प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत और अभिनंदन है.

लखनऊ के सांसद सिंह ने मुखर्जी, उपाध्याय और वाजपेयी के विचारों और उनकी नीतियों की सराहना की और उपस्थित लोगों से कहा, ”आपको जानकर प्रसन्नता होगी कि मोदी जी ने भारत का मस्तक ऊंचा किया और उनको दुनिया के 29 देशों का सर्वोच्­च सम्­मान प्राप्­त हुआ है, यह ऐसे नेता हैं.” विरासत का स्मरण करते हुए सिंह ने कहा कि इन महापुरुषों ने आजाद भारत को सम्मान और स्वाभिमान दिलाने का कार्य किया. रक्षा मंत्री ने कहा कि मोदी ने मुखर्जी, उपाध्याय और वाजपेयी के संकल्पों को पूरा करने का कार्य किया.

उन्होंने कहा, ”एकात्म मानववाद और अंत्योदय का विचार देकर दीनदयाल ने एक दर्शन दिया और उसी आधार पर मोदी जी सशक्त और स्वावलंबी भारत बनाने के लिए सतत प्रयत्नशील हैं.” सिंह ने कहा कि आजाद भारत के इतिहास में महंगाई की दर एक फीसदी से नीचे गई है और विकास की दर मोदी के शासन में देखने को मिल रही है.

सिंह ने कहा कि पहले अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की बातों को गंभीरता से नहीं लिया जाता था, लेकिन आज भारत की हैसियत पूरी दुनिया में बनी है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने गांव, गरीब, किसानों के लिए बड़ा काम किया और मनरेगा योजना की जगह एक नया विधेयक संसद में पारित किया और अब जिन श्रमिकों को 100 दिन का काम मिलता था, उन्हें 125 दिन का कार्य मिलेगा. सिंह ने राष्ट्र प्रेरणा स्थल के लिए योगी आदित्यनाथ को बधाई देते हुए उनकी सराहना की.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button