बीएनपी के तारिक रहमान ने कड़ी सुरक्षा के बीच हादी की कब्र पर फातिहा पढ़ा

Author: navabharat digital
UPDATED: Sat, 27 Dec 2025 03:22 PM
बीएनपी के तारिक रहमान ने कड़ी सुरक्षा के बीच हादी की कब्र पर फातिहा पढ़ा
ऑडियो सुनें

ढाका: बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के कार्यवाहक अध्यक्ष तारिक रहमान ने शनिवार को कड़ी सुरक्षा के बीच ढाका विश्वविद्यालय का दौरा किया और मारे गए छात्र नेता शरीफ उस्मान हादी की कब्र पर फातिहा पढ़ा। ‘डेली स्टार’ अखबार की खबर के अनुसार, 60 वर्षीय बीएनपी नेता ने ढाका विश्वविद्यालय की केंद्रीय मस्जिद के बगल में स्थित बांग्लादेश के राष्ट्रीय कवि काजी नजरुल इस्लाम की कब्र पर भी फातिहा पढ़ा।

हादी को 20 दिसंबर को काजी नजरुल इस्लाम की कब्र के पास ही दफनाया गया था। इंकलाब मंच के प्रवक्ता हादी की कब्र पर रहमान ने श्रद्धांजलि दी। हादी की इस महीने की शुरूआत में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी जिससे फरवरी में प्रस्तावित राष्ट्रीय चुनाव से पहले राजनीतिक तनाव और बढ़ गया है।

‘टीबीएसन्यूज डॉट नेट’ के अनुसार, इस दौरे के दौरान शाहबाग से ढाका विश्वविद्यालय की ओर जाने वाली सड़क पर वाहनों और पैदल यात्रियों की आवाजाही दोनों दिशाओं में रोक दी गई। मार्ग के पूरे हिस्से में रैपिड एक्शन बटालियन (आरएबी), बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (बीजीबी) तथा पुलिस के जवान तैनात किए गए थे।

बीएनपी के महासचिव मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर पहले ही विश्वविद्यालय पहुंच गए थे और वह इस दौरे के दौरान हर वक्त रहमान के साथ रहे।
तारिक रहमान बृहस्पतिवार को लंदन से बांग्लादेश लौटे। वह 2008 में देश छोड़कर लंदन चले गए थे। हादी (32) जुलाई 2024 के उस आंदोलन का प्रमुख चेहरा था जिसके चलते पिछले वर्ष शेख हसीना के नेतृत्व वाली अवामी लीग सरकार सत्ता से बाहर हो गई थी। वह आगामी चुनाव में उम्मीदवार भी था। हादी को 12 दिसंबर को ढाका में चुनाव प्रचार के दौरान सिर में गोली मार दी गई थी। उसे बेहतर इलाज के लिए विमान से ंिसगापुर ले जाया गया था लेकिन 18 दिसंबर को उसकी मौत हो गई।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital