
नयी दिल्ली. दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के बिंदापुर इलाके में संपत्ति विवाद को लेकर अपने बुजुर्ग ससुर की पीट-पीटकर हत्या करने के आरोप में 32 वर्षीय एक महिला को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी. पुलिस को 27 दिसंबर को सुबह करीब 10.46 बजे बिंदापुर के मनसाराम पार्क में हुई हत्या के संबंध में एक पीसीआर कॉल प्राप्त हुई, जिसके बाद एक टीम को घटनास्थल पर भेजा गया.
पुलिस ने बताया कि मृतक नरेश कुमार (62) वायुसेना के सेवानिवृत्त कर्मी थे और वह घर की छत पर बेहोश पड़े मिले. उनकी पुत्रवधू गीता (परवीन की पत्नी) ने पुलिस को बताया कि उन्हें पीटा गया था और वह छत पर बेहोश पड़े थे. पुलिस ने बताया कि नरेश को अस्पताल ले जाया गया जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया. घटनास्थल पर एक अपराध दल और फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) के विशेषज्ञों को बुलाया गया, जिन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया.
पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान पता चला कि संपत्ति के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था, जिसके कारण गीता अक्सर अपने ससुर से झगड़ा करती थी. नरेश की पत्नी का अगस्त में निधन हो गया था और गीता के पति हैदराबाद में काम करते हैं. बिंदापुर पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) (हत्या) के तहत मामला दर्ज किया गया है. आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस ने बताया कि जांच जारी है.



