
भुवनेश्वर. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की आलोचना करते हुए उन पर राज्य के दौरे पर आए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को धमकी देने का बुधवार को आरोप लगाया और दावा किया कि वह ‘तानाशाही’ कर रही हैं.
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया कि ममता बनर्जी ने बांकुड़ा जिले में एक जनसभा के दौरान कहा कि शाह कोलकाता के जिस होटल में ठहरे हुए हैं वहां से बाहर वह उनकी ”मर्जी” से ही निकल पाए हैं.
पात्रा ने कहा, ”ममता बनर्जी ने देश के गृह मंत्री को ऐसी भाषा में धमकी दी है, जिसकी कल्पना भी नहीं की जा सकती. हमने इसे देखा है. उन्होंने कहा कि आप (शाह) एक होटल में छिपे हुए हैं. अगर हम चाहें तो आप होटल से बाहर कदम नहीं रख सकते. ये आपकी खुशकिस्मती है कि हमने आपको होटल से बाहर आने दिया.” भाजपा ने दावा किया कि बनर्जी ने ”घुसपैठियों के लिए” ऐसा किया और इस बात पर बल दिया कि यह न केवल केंद्रीय गृह मंत्री के लिए, बल्कि देश की पूरी आबादी के लिए खतरा है.
पात्रा ने कहा, ”आप (बनर्जी) सिर्फ अमित शाह को ही नहीं, बल्कि पूरे भारत को धमकी दे रही हैं.” उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में इस तरह की घटना पहली बार नहीं हुई है. पुरी से सांसद पात्रा ने कहा, ”बंगाल में ऐसी घटना पहली बार नहीं हुई है. पिछले चुनावों के दौरान हमारे पार्टी अध्यक्ष जे.पी. नड्डा के काफिले पर हमला किया गया था.” पात्रा ने कहा कि शाह ने पश्चिम बंगाल में भ्रष्टाचार, अन्याय और विशेष रूप से घुसपैठियों से जुड़ी राजनीति जैसे मुद्दे उठाए हैं.
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के गुंडों ने करीब 300 भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या की है, जबकि 3,000 अन्य लोगों को अपने घर छोड़कर भागने पर मजबूर होना पड़ा. पात्रा ने आरोप लगाया, ”यह हिटलरशाही और तानाशाही है.” उन्होंने कहा, ”बंगाल में लोकतंत्र पर लगातार हमले हो रहे हैं. यह उस राज्य में हो रहा है, जिसने कभी देश का नेतृत्व किया था. ममता बनर्जी ने बंगाल को बर्बाद कर दिया है.” पात्रा ने आरोप लगाया कि तृणमूल प्रमुख को मतदाता सूची से घुसपैठियों के नाम हटाए जाने पर आपत्ति है. उन्होंने आरोप लगाया, ”ममता बनर्जी घुसपैठियों के खातिर देश के गृह मंत्री को धमकी दे रही हैं.” उन्होंने दावा किया कि भाजपा पश्चिम बंगाल में दो-तिहाई बहुमत से सरकार बनाएगी और पार्टी इसकी तैयारी में जुट चुकी है.



