प्रयागराज में केपी कॉलेज के पास वायुसेना का ट्रेनी विमान क्रैश, तालाब में गिरा, दोनों पायलट सुरक्षित

Author: navabharat digital
UPDATED: Wed, 21 Jan 2026 03:04 PM
प्रयागराज में केपी कॉलेज के पास वायुसेना का ट्रेनी विमान क्रैश, तालाब में गिरा, दोनों पायलट सुरक्षित
ऑडियो सुनें

प्रयागराज: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज शहर के सिविल लाइंस क्षेत्र में केपी कॉलेज के पास एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। मेडिकल चौराहे के निकट स्थित एक तालाब में वायुसेना का एक ट्रेनी विमान एम 116 के गिर गया। एयरक्रॉफ्ट के लड़खड़ाते ही दोनों पायलट जेके पांडेय और प्रवीन अग्रवाल पैराशूट के सहारे नीचे तालाब में कूद गए। यह देख स्थानीय लोग भी तालाब में कूद पड़े। दोनों पायलटों को सुरक्षित बाहर निकाला। बाहर निकाले गए पायलट सेना की वर्दी में थे। कुछ ही देर में सेना के कई और हेलीकॉप्टर बचाव के लिए पहुंच गए। एयरफोर्स ने तालाब में ट्रेनी विमान गिरने की पुष्टि की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह ट्रेनी विमान केपी कॉलेज के पास एक तालाब में जा गिरा। विमान से तेज आवाज आने के बाद आसपास के क्षेत्रों में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। तालाब में भारी मात्रा में जलकुंभ (पानी में उगने वाली वनस्पति) मौजूद था, जिसने बचाव कार्य को थोड़ा चुनौतीपूर्ण बना दिया।

स्थानीय नागरिकों ने बिना किसी देरी के बचाव कार्य शुरू किया और विमान में फंसे दोनों पायलटों को सुरक्षित बाहर निकालने में सफलता प्राप्त की। दोनों पायलटों को किसी भी गंभीर चोट का सामना नहीं करना पड़ा है, जो राहत की बात है।

घटना की सूचना मिलते ही सेना के अधिकारी बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। प्रशासनिक अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। डीसीपी मनीष कुमार शांडिल्य मौके पर पहुंच गए हैं।

पायलटों ने पैराशूट से छलांग लगाकर बचाई जान

वायु सेना का टू-सीटर माइक्रोलाइट एयरक्रॉफ्ट एम 116 अनियंत्रित होकर तालाब के बीचों-बीच गिरा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार संगम की ओर से आ रहा यह विमान अचानक आसमान में लड़खड़ाने लगा। खतरे को भांपते हुए दोनों पायलट विमान के गिरने से ठीक पहले पैराशूट की मदद से बाहर निकल गए।

तालाब में विमान गिरते ही जोरदार आवाज तो आई लेकिन पानी होने के कारण विमान में आग नहीं लगी। आसपास मौजूद स्थानीय युवाओं ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए तुरंत तालाब में छलांग लगा दी और पानी में गिरे दोनों पायलटों को सुरक्षित किनारे तक पहुंचाया।

घटना की जानकारी मिलते ही सेना और पुलिस प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पायलटों को इलाज के लिए एम्बुलेंस से अस्पताल भेजा गया है। सेना की टीम एयरक्राफ्ट को बाहर निकालने और हादसे के तकनीकी कारणों की जांच में जुटी है।

डीसीपी नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि सिविल लाइंस में केपी ग्राउंड के पीछे टू सीटर माइक्रोलाइट एयरक्रॉफ्ट गिरने की सूचना मिली थी। यह वायु सेना का एयरक्रॉफ्ट है जो संगम की ओर से लौट रहा था। दोनों पायलट जेके पांडेय और प्रवीन अग्रवाल सुरक्षित हैं। स्थानीय लोगों ने बचाव में अहम भूमिका निभाई है। मौके पर भारी फोर्स और फायर ब्रिगेड की टीम मौजूद है। किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है।

Join Our WhatsApp Channel G Prefer Navabharat News on Google

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital