नाथुला का दौरा-सीमा सुरक्षा पर चर्चा, सिक्किम दौरे पर पहुंचीं राष्ट्रपति मुर्मू का ये है कार्यक्रम

गंगटोक: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मंगलवार को तीन दिवसीय दौरे पर सिक्किम पहुंचीं। राजधानी गंगटोक के पास लिबिंग आर्मी हेलिपैड पर राष्ट्रपति का पारंपरिक और औपचारिक स्वागत किया गया। इस दौरान प्रेम सिंह तमांग, ओम प्रकाश माथुर, राज्य मंत्रिमंडल के सदस्य, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

राष्ट्रपति को पारंपरिक थंका पेंटिंग भेंट की गई
राष्ट्रपति के स्वागत में सिक्किम की सांस्कृतिक विरासत की झलक भी दिखाई दी। मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने राज्य की जनता की ओर से राष्ट्रपति को पारंपरिक ‘थंका पेंटिंग’ भेंट की। बौद्ध संस्कृति और हिमालयी परंपरा से जुड़ी यह कलाकृति सिक्किम की सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण प्रतीक मानी जाती है।

मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपति के स्वागत में क्या कहा?
मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रपति का राज्य आगमन सिक्किम के लिए सम्मान और गौरव का विषय है। हेलिपैड से राष्ट्रपति को राजभवन स्थित लोक भवन ले जाया गया। इसके बाद उन्होंने देवराली स्थित नामग्याल इंस्टीट्यूट ऑफ तिब्बतोलॉजी और रिज पार्क के ऑर्किडेरियम का दौरा किया। राष्ट्रपति के दौरे को लेकर गंगटोक और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।

किन-किन कार्यक्रमों में लेंगी हिस्सा?
अधिकारियों के अनुसार राष्ट्रपति 27 मई को भारत-चीन सीमा के निकट स्थित नाथुला जाएंगी, जहां वह सीमा क्षेत्र की स्थिति और सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी लेंगी। इसके बाद वह सिक्किम विश्वविद्यालय के सातवें दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। समारोह में वर्ष 2023, 2024 और 2025 बैच के विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की जाएंगी।

राष्ट्रपति अपने दौरे के अंतिम दिन 28 मई को पलजोर स्टेडियम में आयोजित सिक्किम पुलिस की विशेष परेड में हिस्सा लेंगी। इसके बाद वह राज्य से रवाना हो जाएंगी। सिक्किम में राष्ट्रपति के इस दौरे को प्रशासनिक और रणनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, विशेषकर नाथुला दौरे को लेकर। राज्य सरकार का मानना है कि राष्ट्रपति का यह दौरा सिक्किम की सांस्कृतिक पहचान, शैक्षणिक संस्थानों और सीमावर्ती क्षेत्रों को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने में मदद करेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button