
जालंधर: पंजाब के पांच प्रमुख मंदिरों को बम से उड़ाने की धमकी वाला ईमेल बृहस्पतिवार को मिलने के बाद सुरक्षा अलर्ट जारी किया गया है। ईमेल में कुछ सरकारी प्रतिष्ठानों में भी विस्फोट की धमकी दी गई है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, ‘आॅपरेशन ब्लू स्टार’ की बरसी से दो दिन पहले आए इस धमकी भरे ईमेल में जून 1984 में स्वर्ण मंदिर से आतंकवादियों को खदेड़ने के लिए चलाए गए विवादास्पद सैन्य अभियान के बारे में टिप्पणियां की गई हैं।
पुलिस के मुताबिक, जालंधर में पुलिस टीम ने देवी तालाब मंदिर में तलाशी अभियान चलाया, हालांकि वहां कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली। पुलिस ने बताया कि यह धमकी दहशत फैलाने के इरादे से दी गई प्रतीत होती है, लेकिन कोई जोखिम नहीं लिया जा सकता और सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
पुलिस ने बताया कि साइबर टीम ईमेल के स्रोत का पता लगा रही है। यह ताजा घटना पिछले कुछ हफ्तों में पंजाब और हरियाणा के कई स्थानों पर इसी तरह की धमकियों के बाद सामने आई है, जो बाद में फर्जी साबित हुईं।



