खरगे बोले- अब हर दो महीने में होगी इंडिया ब्लॉक की बैठक, अगस्त में हैदराबाद में मंथन

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Mon, 08 Jun 2026 03:45 PM
खरगे बोले- अब हर दो महीने में होगी इंडिया ब्लॉक की बैठक, अगस्त में हैदराबाद में मंथन
ऑडियो सुनें

नई दिल्ली: विपक्षी दलों के गठबंधन इंडिया ब्लॉक की अहम बैठक आज दिल्ली में आयोजित हो रही है। जिसमें हालिया विधानसभा चुनाव के बाद की रणनीति समेत कई मुद्दों पर मंथन किया जा रहा है। वहीं, विधानसभा चुनावों में पार्टियों के बीच मतभेद का असर भी इस पर दिखा है। डीएमके और आप ने बैठक से दूरी बना ली है। बैठक के बाद खरगे ने कहा है कि अब हर दो महीने में विपक्षी दलों की बैठक होगी।

खरगे बोले- अगस्त में हैदराबाद में जुटेंगे INDIA ब्लॉक के सभी दल
विपक्षी दलों की बैठक के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि सरकार से सर्वदलीय बैठक बुलाने की अपील की जाएगी। इस बाबत पत्र भी लिखा जाएगा। उन्होंने कहा कि हर दो महीने में विपक्षी दलों की बैठक बुलाने पर भी सहमति बनी है। अगली बैठक अगस्त में हैदराबाद में होगी।

सांप्रदायिक ताकतों के खिलाफ एकजुट होकर लड़ना कर्तव्य- नागराज
इंडिया गठबंधन की बैठक पर कांग्रेस एमएलसी नागराज यादव ने कहा, ‘यह एक महत्वपूर्ण बैठक है क्योंकि देश महंगाई और कई अन्य समस्याओं से जूझ रहा है। एक रचनात्मक विपक्ष के रूप में, सांप्रदायिक ताकतों के खिलाफ एकजुट होकर लड़ना और महंगाई को नियंत्रित करना उनका कर्तव्य है’। ‘पश्चिम बंगाल में भाजपा ने ममता बनर्जी के साथ जो व्यवहार किया है, वह सही नहीं है। टीएमसी सदस्यों के साथ दुर्व्यवहार किया गया’।

2029 में इंडिया गठबंधन भाजपा और नरेंद्र मोदी सरकार को हराएगा- रिजवान
कर्नाटक कांग्रेस विधायक रिजवान अरशद ने कहा, ‘इंडिया गठबंधन का लक्ष्य भाजपा की जनविरोधी नीतियों को उजागर करना है। 2029 में इंडिया गठबंधन भाजपा और नरेंद्र मोदी सरकार को हराएगा और अपनी सरकार बनाएगा’। उन्होंने आगे कहा, ‘भाजपा हमेशा अपने सहयोगियों की उपेक्षा करती है। देवेगौड़ा जी, जो एक वरिष्ठ नेता और पूर्व प्रधानमंत्री हैं, जब उन्होंने भाजपा से सीट का अनुरोध किया था, तो भाजपा को उन्हें सीट देनी चाहिए थी। अनुरोध करने के बाद भी जब भाजपा ने उन्हें राज्यसभा जाने का अवसर नहीं दिया, तो इसका मतलब है कि भाजपा ने देवेगौड़ा का अपमान किया है’।

इंडिया ब्लॉक की बैठक पर भाजपा सांसद संजय जायसवाल का तंज
इंडिया ब्लॉक की बैठक पर भाजपा सांसद संजय जायसवाल ने कहा, ‘स्टालिन तो भाग ही चुके हैं, कम्युनिस्ट पार्टी ममता बनर्जी की वजह से आने को तैयार नहीं है, इसलिए यह इंडिया ब्लॉक पूरी तरह खत्म हो चुका है। अब यह सिर्फ कांग्रेस और उनके चापलूसों की बैठक है। इस देश में इंडिया ब्लॉक और कांग्रेस अप्रासंगिक हो चुके हैं। वे सिर्फ बैठकें करेंगे, इससे ज्यादा कुछ नहीं होगा’।

बैठक हम सभी को फिर से एकजुट करेगी- एचके पाटिल
दिल्ली में चल रही इंडिया ब्लॉक की बैठक पर कांग्रेस विधायक और पूर्व राज्य मंत्री एच.के. पाटिल ने कहा, ‘यह बैठक हम सभी को फिर से एकजुट करेगी’। भाजपा द्वारा एम. नागराजा को राज्यसभा उम्मीदवार नामित करने पर उन्होंने आगे कहा, ‘यह कर्नाटक का अपमान है, और भाजपा द्वारा हर कन्नड़ भाषी का अपमान हुआ है’।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav