प्रधानमंत्री मोदी ने 12 साल के कार्यकाल के दौरान भारत के गौरव को बहाल किया : शाह

नयी दिल्ली: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 12 वर्षों का कार्यकाल भारत के गौरव को बहाल करने, सांस्कृतिक नवजागरण और देश को गुलामी की मानसिकता से मुक्त करने का रहा है। निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सबसे लंबे समय तक जनता की सेवा करने की ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करने को लेकर प्रधानमंत्री मोदी को शुभकामनाएं देते हुए शाह ने कहा कि नया भारत पूरे आत्मविश्वास के साथ विश्व के हर मंच पर अपनी पहचान स्थापित कर रहा है।

गृह मंत्री ने कहा, ”दुनिया एक सक्षम, सशक्त तथा नये भारत के उदय की साक्षी बन रही है।” शाह ने इन 12 वर्षों की महत्वपूर्ण उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि नये संसद भवन का निर्माण हुआ, तीन नये आपराधिक कानून लागू हुए, नयी शिक्षा नीति और मातृभाषा में मेडिकल एवं इंजीनियंिरग शिक्षा का मार्ग प्रशस्त हुआ तथा आत्मनिर्भर भारत हर भारतीय का संकल्प बना।

उन्होंने कहा, ”इन 12 वर्षों में एक तरफ देश की सीमाएं सुरक्षित हुईं, कश्मीर में अनुच्छेद 370 हटा, राम मंदिर का निर्माण हुआ, नक्सलवाद का अंत हुआ और आतंकवाद पर नकेल कसकर हर आतंकी घटना का मुंहतोड़ जवाब दिया गया। वहीं, देश की सामूहिक शक्ति ने हीनता के भाव से बाहर निकलकर अपनी विरासत, संस्कृति और सामर्थ्य पर गर्व करना सीखा।”

शाह ने कहा कि देशवासियों को सुरक्षित बनाना और उनके खोए हुए आत्मसम्मान व गौरव को लौटाना प्रधानमंत्री मोदी की सबसे बड़ी उपलब्धि है।
मोदी बुधवार को भारत के सबसे लंबे कार्यकाल वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए। उन्होंने देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के 4,398 दिनों के कार्यकाल का रिकॉर्ड तोड़ दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button