दिलजीत दोसांझ ने कॉजपा प्रदर्शनकारियों पर पुलिस कार्रवाई की निंदा की

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Tue, 21 Jul 2026 04:02 PM
दिलजीत दोसांझ ने कॉजपा प्रदर्शनकारियों पर पुलिस कार्रवाई की निंदा की
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली: गायक एवं अभिनेता दिलजीत दोसांझ ने मंगलवार को कहा कि ‘संसद चलो’ मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों पर पुलिस कार्रवाई गलत थी और सरकार को विद्यार्थियों की मांगों को सुनना चाहिए। दोसांझ ने कहा कि उन्हें एक बार फिर ‘राष्ट्रविरोधी’ करार दिया जा सकता है।

‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (कॉजपा) के बैनर तले सोमवार को नयी दिल्ली में ‘संसद चलो’ मार्च का आयोजन किया गया था। इसमें हजारों प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग तथा प्रश्नपत्र लीक एवं शिक्षा क्षेत्र में कथित भ्रष्टाचार के विरोध में संसद की ओर मार्च किया।

प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया और प्रदर्शन को रोकने के लिए बलप्रयोग किया। दोसांझ ने ‘इंस्टाग्राम’ पर लिखा, ”आज जो हुआ, वह बहुत गलत था। विद्यार्थियों के साथ ऐसा व्यवहार नहीं किया जाना चाहिए था। मैं अधिकारियों से अनुरोध करता हूं कि वे विद्यार्थियों की मांगों को सुनें।” उन्होंने कहा कि 2020-21 के किसान आंदोलन के दौरान समर्थन जताने के बाद उन्हें काफी आलोचना और कानूनी परेशानियों का सामना करना पड़ा था।

उन्होंने कहा, ”मुझे पहले भी कई बार ‘राष्ट्र-विरोधी’ कहा जा चुका है। पता है कि मुझे अब भी राष्ट्र-विरोधी कहा जाएगा… किसान आंदोलन के बाद मुझे काफी आलोचना और कानूनी समस्याओं का सामना करना पड़ा, जिनके बारे में मैं आज भी खुलकर बात नहीं कर सकता।” इस माह के आरंभ में दोसांझ ने यह कहते हुए कॉजपा के प्रदर्शन से खुद को अलग रखा था कि वह ”कलाकार हैं, राजनीतिक नेता नहीं।”

उन्होंने एक जुलाई को ‘इंस्टाग्राम लाइव सेशन’ के दौरान कहा था, ”मुझे इन सब चीज़ों से दूर रखो… भाई, मैं एक कलाकार हूं। मैं कोई नेता नहीं हूं, मुझे नहीं पता कि तुम मुझे क्या समझते हो।” कॉजपा परीक्षा प्रणाली में प्रश्नपत्र लीक और कथित गड़बड़ियों के खिलाफ एक स्वत?स्फूर्त आंदोलन है और जिसकी शुरूआत प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत द्वारा कथित रूप से युवाओं को ‘कॉकरोच’ कहे जाने से हुई थी।

कॉजपा का प्रदर्शन 20 जून से जंतर-मंतर पर चल रहा है। जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल से इस विरोध-प्रदर्शन को और बल मिला। इस आंदोलन को शबाना आज़मी, जीनत अमान, प्रकाश राज, अनुराग कश्यप, सोनाक्षी सिन्हा, किरण राव और वीर दास जैसी मशहूर हस्तियों का समर्थन मिला है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav