रूस के निजनेकाम्स्क शहर में यूक्रेन के ड्रोन हमले में 13 लोगों की मौत

कीव: रूस के निजनेकाम्स्क शहर में यूक्रेन की ओर से सोमवार को किए गए ड्रोन हमले में 13 लोगों की मौत हो गई और 48 अन्य घायल हो गए। तातारस्तान क्षेत्र के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। हालांकि, अधिकारियों ने यह नहीं बताया कि यूक्रेनी ड्रोन ने किस चीज को निशाना बनाया, लेकिन यह शहर रूस का एक अहम तेल शोधन केंद्र है, जहां दो बड़ी रिफाइनरी और एक पेट्रोकेमिकल संयंत्र मौजूद हैं।

यूक्रेन ने हाल के महीनों में लगभग रोज ही लंबी दूरी के ड्रोन के जरिये रूस के तेल प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया है। इन हमलों से रूस में ईंधन की कमी की स्थिति पैदा हुई है, तेल शोधन क्षमता प्रभावित हुई है और आम जनता में ंिचता बढ़ी है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की का कहना है कि यह अभियान रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को बातचीत की मेज पर आने और चार साल से अधिक समय से जारी युद्ध को समाप्त करने के लिए मजबूर करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।

तातारस्तान प्रमुख रुस्तम मिन्निखानोव के प्रेस सेवा कार्यालय के मुताबिक, निजनेकाम्स्क शहर में सोमवार सुबह औद्योगिक और नागरिक ठिकानों को निशाना बनाकर ”बड़ा” ड्रोन हमला किया गया। यूक्रेनी अधिकारियों ने फिलहाल इस घटनाक्रम पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।

निजनेकाम्स्क यूक्रेन की सीमा से करीब 1,200 किलोमीटर पूर्व में स्थित है और इसकी आबादी लगभग 2.40 लाख है। जेलेंस्की ने रविवार देर रात एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, ”हम पूरी तरह से उचित जवाब दे रहे हैं और रूस के हर हमले का जवाब दिया जाएगा। रूस के युद्ध का असर अब अपने ही घर यानी रूस में अधिक से अधिक महसूस किया जाएगा।” उन्होंने कहा, ”इस युद्ध के जारी रहने का एकमात्र कारण यह है कि रूस इसे समाप्त नहीं करना चाहता।”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button