Jharkhand Bandh: छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में भाजपा का बंद, रांची की सड़कों पर उतरे कार्यकर्ता

Jharkhand Bandh: JPSC-JSSC उम्मीदवारों के विरोध-प्रदर्शन के दौरान छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में झारखंड BJP ने आज राज्यव्यापी बंद का आह्वान किया है। बंद का असर राजधानी रांची में भी दिखाई दे रहा है। रांची के हरमू चौक का वीडियो सामने आया है। वहीं, न्यूक्लियस मॉल के पास बंद समर्थकों ने टायर जलाकर प्रदर्शन किया, जिसके चलते सड़क पर आवागमन प्रभावित हुआ है। प्रदर्शन के कारण इलाके में यातायात व्यवस्था पर असर पड़ा है।

बीजेपी नेता अशोक बड़ाईक ने छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि छात्रों के साथ हुई कथित बर्बरतापूर्ण कार्रवाई की जितनी निंदा की जाए, कम है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब छात्र शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे थे तो उन पर लाठीचार्ज करने की जरूरत क्या थी। अशोक बड़ाईक ने कहा कि लाठीचार्ज में कई छात्र-छात्राएं घायल हुए हैं। उन्होंने कहा, “वे कोई उग्रवादी नहीं थे कि पुलिस ने उन पर लाठियां बरसाईं और आंसू गैस के गोले छोड़े।”

बीजेपी नेता ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार पूरी तरह विफल हो चुकी है और उसे छात्रों के भविष्य की कोई चिंता नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में पेपर लीक और नौकरियां बेचने जैसी शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं और हर जगह अव्यवस्था का माहौल है।

बीजेपी नेताओं का कहना है कि झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आंदोलन कर रहे छात्रों पर पुलिस की कार्रवाई के विरोध में बंद बुलाया गया है। पार्टी का आरोप है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले छोड़े गए, जिसमें कई छात्र-छात्राएं घायल हुए।

छात्रों पर कथित लाठीचार्ज के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की ओर से आज यानी मंगलवार को आहूत झारखंड बंद को लेकर राजधानी रांची में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। बंद के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस-प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। शहर के संवेदनशील इलाकों, प्रमुख चौक-चौराहों और संभावित प्रदर्शन स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रशासन की ओर से बंद के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष निगरानी की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button