यूक्रेन पर रूस के हालिया हमलों में मारे गए 12 लोगों में एक भारतीय भी शामिल : जेलेंस्की

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Tue, 01 Sep 2026 03:59 PM
यूक्रेन पर रूस के हालिया हमलों में मारे गए 12 लोगों में एक भारतीय भी शामिल : जेलेंस्की
ऑडियो सुनें

लंदन: यूक्रेन पर रूस के हालिया हमलों में मारे गए 12 लोगों में एक भारतीय नागरिक भी शामिल है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने मंगलवार को यह जानकारी दी। इन हमलों में ड्रोन और बैलिस्टिक मिसाइलों से यूक्रेन के कई शहरों को निशाना बनाया गया, जिससे आवासीय इमारतों और असैन्य बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा।

जेलेंस्की ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि सोमवार शाम से ओडेसा शहर और उसके आसपास के क्षेत्र में हवाई बमों और ड्रोन से हमले जारी हैं, जिससे हजारों घरों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई है। उन्होंने कहा, ”इन हमलों में कुल 12 लोगों की मौत हुई है। इन लोगों में एक भारतीय नागरिक भी शामिल है।” यूक्रेन के राष्ट्रपति ने कहा, ”जिन लोगों ने अपने परिजनों और प्रियजनों को खोया है, मैं उनके प्रति संवेदनाएं व्यक्त करता हूं।”

जेलेंस्की ने कहा कि हमलों में कई लोग घायल भी हुए हैं तथा कीव, ओडेसा, खेरसॉन, दोनेत्स्क, जापोरिज्जिया, खारकीव, चेर्निहाइव, झितोमिर, सुमी और निप्रो क्षेत्रों को भी इस दौरान निशाना बनाया गया। उन्होंने बताया कि कीव में एक रेलवे डिपो पर हुए हमले में सात लोगों की मौत हो गई।

जेलेंस्की ने कहा कि बोरिस्पिल में पांच मंजिला एक आवासीय इमारत क्षतिग्रस्त हो गई और वहां से 50 लोगों को सुरक्षित निकाला गया। उन्होंने बताया कि शहर में चार लोगों की मौत हुई और 13 अन्य लोग घायल हुए। उन्होंने कहा कि अकेले कीव और उसके आसपास के क्षेत्र में बचाव एवं राहत कार्यों में करीब 350 कर्मी जुटे हुए हैं।

जेलेंस्की ने कहा, ”हमले में बड़ी संख्या में जेट चालित ड्रोन और बैलिस्टिक मिसाइलों का इस्तेमाल किया गया।” उन्होंने बताया कि इससे आवासीय इमारतों और असैन्य बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा कि ओडेसा और उसके आसपास के क्षेत्र में रूस के निर्देशित हवाई बमों और ड्रोन से हमले जारी रहे।

जेलेंस्की के अनुसार, रोमानिया से लगी सीमा पर एक चौकी और निर्यात से जुड़े बुनियादी ढांचे को भी ”जानबूझकर नुकसान पहुंचाया गया।” यूक्रेन के राष्ट्रपति ने रूस पर जानबूझकर आम नागरिकों को निशाना बनाने का आरोप लगाया और अपने देश के लिए हवाई रक्षा संबंधी सहायता बढ़ाने की अपील की।

 

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav