
नयी दिल्ली: कांग्रेस के पंजाब मामलों के प्रभारी नियुक्त किए जाने के कुछ दिन बाद पार्टी महासचिव सचिन पायलट ने मंगलवार को पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा से मुलाकात की तथा विधानसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर पार्टी की रणनीति पर चर्चा की।
पायलट ने कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी के ’10 जनपथ’ स्थित आवास पर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से मुलाकात की।
सूत्रों के मुताबिक, बैठक में पंजाब में पार्टी के आगामी कार्यक्रमों और विधानसभा चुनावों की रणनीति पर चर्चा हुई।
बैठक के बाद पायलट ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”आज सुबह लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी जी और महासचिव प्रियंका गांधी जी से मुलाकात की और पंजाब की जिम्मेदारी सौंपने के लिए उनका आभार व्यक्त किया।”
उन्होंने कहा, ”मुझे पूरा विश्वास है कि सामूहिक प्रयास, मजबूत संगठन और हमारे कार्यकर्ताओं की ऊर्जा के साथ कांग्रेस पंजाब में सत्ता में वापसी करेगी।” पायलट ने कहा कि पंजाब के बेहतर भविष्य के लिए किसानों और युवाओं सहित समाज के हर वर्ग के अधिकारों की रक्षा और सम्मान के लिए कांग्रेस पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ काम करेगी।
कांग्रेस ने शनिवार को बड़े संगठनात्मक फेरबदल के तहत पायलट को पंजाब का प्रभारी महासचिव नियुक्त किया था। उन्होंने भूपेश बघेल का स्थान लिया है।
पंजाब में अगले साल की शुरूआत में विधानसभा चुनाव संभावित है और पायलट के सामने तत्काल चुनौती यह है कि चुनाव से पहले प्रदेश कांग्रेस में जारी गुटबाजी को खत्म किया जाए।



