बिलासपुर में विजयादशमी के अवसर पर आयोजित रावण दहन समारोह के दौरान मंगलवार रात बड़ा हादसा (Bilaspur Accident) हो गया। जिसमें कुछ लोगों के झुलसने की खबर है। शहर के पुलिस ग्राउंड में आतिशबाजी के लिए लगाए गए पायरो रॉकेट सेटअप में अचानक जोरदार धमाका हो गया।
बताया जा रहा है कि रिमोट का बटन दबाते ही मंच के पास ब्लास्ट हुआ। इस वक्त मंच पर बीजेपी विधायक अमर अग्रवाल और महापौर पूजा विधानी मौजूद थीं जिनके पास कुछ पटाके आकर गिरे और वे बाल बाल बचे घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के मुताबिक, रावण दहन कार्यक्रम के दौरान आतिशबाजी के लिए पायरो रॉकेट का सेटअप लगाया गया था। कार्यक्रम के दौरान जैसे ही रिमोट का बटन दबाया गया, मंच के पास अचानक तेज धमाका हो गया। धमाका इतना करीब हुआ कि मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
घटना के समय मंच पर विधायक अमर अग्रवाल, महापौर पूजा विधानी समेत वरिष्ठ अधिकारी और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद थे। जिस जगह पायरो रॉकेट का सेटअप लगाया गया था, उसके आसपास पत्रकार और पुलिसकर्मी भी मौजूद थे। धमाके की आवाज सुनकर मैदान में उपस्थित हजारों लोगों के बीच भी हड़कंप मच गया।