नेताजी सुभाष चंद्र बोस एयरपोर्ट पर बम की धमकी, टिश्यू पेपर पर लिखे नोट के बाद सघन तलाशी अभियान

कोलकाता एयरपोर्ट के शौचालय में मिले एक नोट में बोर्डिंग गेट पर बम होने की चेतावनी दी गई थी। अधिकारियों के मुताबिक अब तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली और उड़ानों पर असर नहीं पड़ा।
Author: www.navabharat.news
UPDATED: Fri, 23 Oct 2026 03:29 PM
नेताजी सुभाष चंद्र बोस एयरपोर्ट पर बम की धमकी, टिश्यू पेपर पर लिखे नोट के बाद सघन तलाशी अभियान
ऑडियो सुनें

बम की धमकी: कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को बम की धमकी मिली है। धमकी के बाद पुलिस और सुरक्षाबल जांच में जुटे हैं। हालांकि अब तक कोई संदिग्ध सामान बरामद नहीं हुआ है।

अधिकारियों ने क्या बताया?

अधिकारियों के मुताबिक, शुक्रवार सुबह एयरपोर्ट के एक शौचालय में टिश्यू पेपर पर लिखा एक नोट मिला, जिसमें बोर्डिंग गेट पर बम होने की चेतावनी थी। एक अधिकारी ने बताया कि सफाई कर्मचारियों में से एक को महिलाओं के शौचालय में यह नोट मिला, जिसमें बोर्डिंग गेट नंबर 30 पर बम होने की बात लिखी थी। कर्मचारी ने तुरंत अधिकारियों को सूचना दी।

इसके बाद बोर्डिंग गेट के आसपास का इलाका खाली करा लिया गया। बम निरोधक दस्ते और सीआईएसएफ के जवानों ने पूरे हवाई अड्डे पर सघन तलाशी अभियान शुरू किया। अधिकारी के अनुसार तलाशी जारी है और अब तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है।

उड़ानों पर असर नहीं

हवाई अड्डे के अधिकारियों ने बताया कि पूरे परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है, लेकिन उड़ानों के संचालन पर कोई असर नहीं पड़ा है।

पुलिस की जांच

बिधाननगर सिटी पुलिस के एक अधिकारी के मुताबिक, पुलिस उस सफाई कर्मचारी से पूछताछ कर रही है जिसे नोट मिला था। यह पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली जा रही है कि नोट किसने रखा था।

8 अक्तूबर को भी मिली थी धमकी

इससे पहले 8 अक्तूबर को भी हवाई अड्डे के परिसर में विस्फोटक रखे होने की धमकी दी गई थी। उस समय सुरक्षा एजेंसियों ने यात्रियों को सतर्क कर हवाई अड्डे के कुछ हिस्सों को खाली कराया और तलाशी अभियान चलाया था, लेकिन कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली थी।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By www.navabharat.news