कलेक्टर बनाम जज : कलेक्टर आइएएस अजीत बसंत ने न्यायिक फैसले पर आपत्ति जताई, जिला न्यायाधीश को लिखा पत्र, आरोपी को गलत तरीके से जमानत दी?

Author: Navabharat News Group
UPDATED: Wed, 28 Oct 2026 02:09 PM
कलेक्टर बनाम जज : कलेक्टर आइएएस अजीत बसंत ने न्यायिक फैसले पर आपत्ति जताई, जिला न्यायाधीश को लिखा पत्र, आरोपी को गलत तरीके से जमानत दी?
ऑडियो सुनें

प्रशासनिक अमले में एक कलेक्टर द्वारा जिला जज को लिखा एक पत्र इन दिनों चर्चा में है। यह कार्यपालिका (Executive) और न्यायपालिका (Judicial system) के इतिहास में एक अनूठा और साहसिक मामला माना जा रहा है जिसकी सर्वत्र चर्चा है।

सरगुजा के कलेक्टर अजीत बसंत ने बहुचर्चित रिंगबांध जमीन फर्जीवाड़ा मामले के मुख्य आरोपी आजाद इराकी को कोर्ट से मिली जमानत के विरोध में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश को एक कड़ा पत्र लिखा है। कलेक्टर का आरोप है कि कोर्ट ने बिना अभियोजन (सरकारी पक्ष) की बात सुने ही आरोपी को जमानत दे दी!

मामला कुछ यूं है कि अंबिकापुर के रिंगबांध इलाके में आदिवासियों की बहुमूल्य जमीनों की अवैध रूप से रजिस्ट्री कराई गई। इसमें फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र (Fake Death Certificate) और फर्जी दस्तावेज (Fake Documents) तैयार किए गए। यानी जो इंसान जिंदा है, उसे कागजों पर मुर्दा बताकर या मृतकों के फर्जी वारिस खड़े करके आदिवासियों की बेशकीमती जमीन हड़प ली गई!

इस पूरे फर्जीवाड़े का मुख्य आरोपी माना गया आजाद इराकी। पुलिस और प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए इस पर शिकंजा कसा। लेकिन इसके बाद जो हुआ, उसने सबको चौंका दिया। आरोपी आजाद इराकी को अदालत से जमानत मिल गई।

कलेक्टर अजीत वसंत का आरोप है कि निचली अदालत ने जमानत देते समय न्यायालयीन क्षेत्राधिकार (Jurisdiction) का ध्यान नहीं रखा और बिना अभियोजन पक्ष (Prosecution/Government Counsel) की दलीलें सुनते ही आरोपी को राहत दे दी।

कलेक्टर का मानना है कि इतने बड़े आदिवासी जमीन घोटाले में आरोपी का बाहर आना सबूतों के साथ छेड़छाड़ का कारण बन सकता है, इसलिए उन्होंने सीधे जिला जज को पत्र लिखकर अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया है।

सवाल यह है कि क्या एक कलेक्टर के पास यह अधिकार है कि वह अदालत के किसी फैसले पर उंगली उठा सके? क्या कलेक्टर के पास न्यायिक शक्तियां होती हैं? सीधे जज को पत्र लिखना कितना जायज? कानूनी विशेषज्ञों का मानना है कि किसी न्यायिक आदेश (Judicial Order) के खिलाफ प्रशासनीय पत्र (Administrative Letter) लिखना एक बेहद असामान्य और दुर्लभ कदम है। सामान्य तौर पर, किसी भी न्यायिक आदेश को चुनौती देने के लिए केवल न्यायिक प्रक्रिया (Judicial Process) का ही इस्तेमाल किया जाता है, पत्राचार का नहीं।

कानूनी जानकारों के अनुसार, अगर यह मामला आगे बढ़ता है तो कलेक्टर के सामने न्यायालय की अवमानना का केस बन सकता है।

इधर कलेक्टर के समर्थकों और प्रशासनिक जानकारों का कहना है कि कलेक्टर ने यह कदम अपनी व्यक्तिगत दुश्मनी में नहीं, बल्कि जनहित (Public Interest) और आदिवासियों के अधिकारों की सुरक्षा के लिए उठाया है। उन्होंने एक बड़े भूमि घोटाले के मुख्य आरोपी को बिना पक्ष सुने राहत दिए जाने पर प्रक्रियात्मक खामी (Procedural Lapse) की ओर ध्यान आकर्षित कराया है।

मामला भारतीय नौकरशाही और न्यायपालिका के बीच के टकराव का एक अनूठा उदाहरण बन गया है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Navabharat News Group