अरपा नदी रेत चोरी मामले में दोषी को 3 साल के कठोर कारावास, अदालत ने कहा- इंसान पैसे को खा नहीं सकता

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Thu, 29 Oct 2026 02:40 PM
अरपा नदी रेत चोरी मामले में दोषी को 3 साल के कठोर कारावास, अदालत ने कहा- इंसान पैसे को खा नहीं सकता
ऑडियो सुनें

अरपा नदी से अवैध रूप से रेत चुराने के मामले में अदालत ने आरोपी को तीन साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। विशेष न्यायाधीश सिराजुद्दीन कुरैशी ने फैसला सुनाते हुए टिप्पणी की कि आखिरी पेड़ कटने, नदी के जहरीली होने और आखिरी मछली पकड़े जाने के बाद ही इन्सान को यह समझ आएगा कि वह पैसे को खा नहीं सकता। अदालत ने दोषी पर 25 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है।

अवैध उत्खनन पर अदालत की सख्त कार्रवाई
अदालत ने अरपा नदी के नगाई घाट में अवैध रूप से रेत उत्खनन और चोरी के मामले में आरोपी कुंवर सिंह कंवर को दोषी ठहराया। इस मामले में वर्ष 2025 में कोटा थाने में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। न्यायालय ने आरोपी को भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2), छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 के नियम 71 और खान एवं खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम 1957 की धाराओं 4(1), 4(1क) तथा 21 के तहत दोषी पाते हुए सजा सुनाई।
पर्यावरण क्षति पर अदालत का संदेश
विशेष न्यायाधीश ने फैसले में अमेरिका की आदिम जनजाति की एक प्रसिद्ध कहावत का उल्लेख करते हुए प्रकृति को पहुंचाए जा रहे नुकसान के गंभीर असर को रेखांकित किया। अदालत ने स्पष्ट किया कि प्राकृतिक संसाधनों का नुकसान केवल पर्यावरण तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इसका सीधा असर जीवन और आने वाली पीढ़ियों पर भी पड़ता है। इसके साथ ही फैसले में पोप फ्रांसिस की टिप्पणी का भी विशेष रूप से उल्लेख किया गया, जिसमें जैव विविधता को नष्ट करने को ईश्वर की रचना की अखंडता पर हमला करार दिया गया है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav