किम ने ड्रोन तकनीक का तेजी से विस्तार करने का दिया निर्देश, हथियार परीक्षण का भी लिया जायजा

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Fri, 30 Oct 2026 02:42 PM
किम ने ड्रोन तकनीक का तेजी से विस्तार करने का दिया निर्देश, हथियार परीक्षण का भी लिया जायजा
ऑडियो सुनें

उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन ने देश की ड्रोन तकनीक का तेजी से विस्तार करने का आह्वान किया है, साथ ही विभिन्न हथियारों के परीक्षणों का जायजा भी लिया। सरकारी मीडिया ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। यह घटनाक्रम ऐसे समय हुआ है, जब उत्तर कोरिया और दक्षिण कोरिया के बीच भारी सैन्य किलेबंदी वाली सीमा पर तनाव है। उन्नत ड्रोन तकनीक हासिल करना किम की प्राथमिकताओं में शामिल है और वह अब उत्तर कोरिया की पारंपरिक सैन्य क्षमता के साथ-साथ परमाणु हथियारों की ताकत भी बढ़ाना चाहते हैं।

विशेषज्ञों का कहना है कि यूक्रेन के खिलाफ रूस के युद्ध में सहयोग के लिए भेजे गए उत्तर कोरियाई सैनिकों को रूसी सेना और युद्धक्षेत्र के अनुभवों से ड्रोन युद्ध की महत्वपूर्ण जानकारी और विशेषज्ञता हासिल हुई होगी। उत्तर कोरिया की सरकारी समाचार एजेंसी ‘कोरियन सेंट्रल न्यूज एजेंसी’ (केसीएनए) के मुताबिक, किम ने बृहस्पतिवार को विभिन्न प्रकार के हमलावर और अन्य ड्रोन की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस प्रदर्शनी में मानवरहित विमानन तकनीक के क्षेत्र में हालिया उपलब्धियों को प्रर्दिशत किया गया था।

प्रदर्शनी को संबोधित करते हुए किम ने ड्रोन तकनीक में ‘पूर्ण श्रेष्ठता’ हासिल करने की जरूरत पर जोर दिया। ‘केसीएनए’ की खबर के अनुसार, उन्होंने मानवरहित विमानन तकनीक का तेजी से विस्तार और उसे मजबूत करने के लिए आवश्यक कदम उठाने की घोषणा भी की। हालांकि, उन्होंने इन कदमों का विस्तृत ब्योरा नहीं दिया।

खबर में कहा गया कि उत्तर कोरिया ने बाद में विभिन्न प्रकार के ड्रोन, मिसाइलों और 600 मिलीमीटर क्षमता वाले अति-सटीक मल्टीपल रॉकेट लॉन्चर से हथियारों का परीक्षण किया। सरकारी मीडिया की ओर से जारी तस्वीरों में किम को आसमान में उड़ते प्रक्षेपास्त्रों का निरीक्षण करते देखा जा सकता है। एक अन्य तस्वीर में वह मुट्ठी भींचे नजर आ रहे हैं, जबकि उनकी किशोर बेटी उनके पास खड़ी होकर तालियां बजा रही थी।

दक्षिण कोरियाई सेना ने इससे पहले बताया था कि उसने बृहस्पतिवार को उत्तर कोरिया के पूर्वी तटीय शहर वॉनसान से करीब 10 कम दूरी की बैलिस्टिक मिसाइलें दागे जाने का पता लगाया। 17 दिनों में यह पहली बार था, जब उत्तर कोरिया ने बैलिस्टिक हथियारों का परीक्षण किया।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav