असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बुधवार को कहा कि सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनी नुमालीगढ़ रिफाइनरी लिमिटेड की कच्चे माल की जरूरतों को पूरा करने के लिए राज्य में 501 करोड़ रुपये के निवेश से कास्टिक सोडा संयंत्र स्थापित किया जाएगा। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा कि प्रस्तावित संयंत्र से बाहरी आपूर्ति पर निर्भरता कम होगी और राज्य के औद्योगिक परिवेश को मजबूती मिलेगी।
शर्मा ने कहा, ”जब असम यहां ही इसका उत्पादन कर सकता है, तो इसका मूल्य कहीं और क्यों जाना चाहिए?” उन्होंने कहा, ”असम में स्थापित होने वाला 501 करोड़ रुपये का कास्टिक सोडा संयंत्र नुमालीगढ़ रिफाइनरी की कच्चे माल की जरूरतों को पूरा करेगा, बाहरी निर्भरता कम करेगा और राज्य के औद्योगिक परिवेश को मजबूत बनाएगा।”
नुमालीगढ़ रिफाइनरी लिमिटेड हर साल असम के बाहर से हजारों मीट्रिक टन कास्टिक सोडा आयात करती है। इस संयंत्र से असम के व्यापक औद्योगिक और पेट्रोरसायन परिवेश को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री ने हालांकि संयंत्र के स्थान, उत्पादन क्षमता, निर्माण की समयसीमा आदि के बारे में कोई जानकारी नहीं दी।