#INDvPAKपाकिस्तान के खिलाफ अंडर-19 एशिया कप के रोमांचक फाइनल में भारत ने एक विकेट से ऐतिहासिक जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया। मनल चौहान ने मुश्किल परिस्थिति में शानदार बल्लेबाजी कर जीत की उम्मीद जगाई, जबकि मोहित उल्वा ने आखिरी ओवर में खुद पर भरोसा रखते हुए टीम को जीत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन, कोच और सपोर्ट स्टाफ के भरोसे और मैच के दौरान बने दबाव को लेकर अनुभव साझा किए।
पाकिस्तान के खिलाफ अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में भारतीय टीम ने जिस अंदाज में एक विकेट से रोमांचक जीत दर्ज की, उसके नायक रहे मनल चौहान और मोहित उल्वा। एक ओर मनल ने मुश्किल परिस्थिति में आक्रामक बल्लेबाजी कर जीत की उम्मीद जगाई, तो दूसरी ओर मोहित उल्वा ने आखिरी समय तक खुद पर भरोसा बनाए रखते हुए भारतीय टीम को चैंपियन बना दिया। दोनों खिलाड़ियों के लिए यह मुकाबला सिर्फ एक फाइनल नहीं, बल्कि खुद को साबित करने का बड़ा मौका भी था।
आखिरी गेंद तक मोहित को था खुद पर भरोसा
मोहित उल्वा के लिए यह फाइनल व्यक्तिगत तौर पर भी बेहद खास रहा। उन्होंने स्वीकार किया कि एशिया कप में उनका प्रदर्शन अब तक उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा था। वह खुद को सिर्फ गेंदबाज नहीं, बल्कि ऑलराउंडर मानते थे और बल्लेबाजी में भी अपनी क्षमता साबित करना चाहते थे। उन्हें बस एक मौके का इंतजार था, जो पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल में मिला।
मोहित ने कहा कि आखिरी ओवर में उनके दिमाग में ज्यादा कुछ नहीं चल रहा था। उन्हें खुद पर और भगवान पर पूरा भरोसा था। मनल ने उनसे पहले बल्लेबाजी करते हुए जिस तरह मैच का माहौल बनाया, उससे उनका काम आसान हो गया। मोहित को बस मैदान पर जाकर अपनी भूमिका निभानी थी। उन्होंने बताया कि वह उस एक गेंद का इंतजार कर रहे थे, जिस पर बाउंड्री लगाकर मैच खत्म किया जा सके। उन्हें पूरा विश्वास था कि यह उनका दिन है और वह भारत को जीत दिलाकर ही लौटेंगे।