एक परिवार के तीन लोगों की हत्या के दो आरोपी भागने की कोशिश के दौरान पुलिस की गोली लगने से घायल…

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Wed, 25 Nov 2026 02:18 PM
एक परिवार के तीन लोगों की हत्या के दो आरोपी भागने की कोशिश के दौरान पुलिस की गोली लगने से घायल…
ऑडियो सुनें

असम के डिब्रूगढ़ में एक परिवार के तीन सदस्यों की हत्या करने के दो आरोपी बुधवार को उस समय पुलिस की गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए जब उन्होंने पुलिसकर्मियों के हथियार कथित तौर पर छीनकर भागने की कोशिश की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि इस घटना में दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि डिब्रूगढ़ जिले के दुलियाजान में एक परिवार के तीन सदस्यों के घर में मृत पाए जाने के एक दिन बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था।

अधिकारी ने बताया कि आरोपियों ने पूछताछ के दौरान कथित तौर पर बताया था कि उन्होंने हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार तिनसुकिया जाने वाले मार्ग पर बालिजान चाय बागान के पास छिपाया है। इस जानकारी के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को उक्त स्थान पर ले जाने का फैसला किया।

उन्होंने कहा, ‘‘रास्ते में दोनों आरोपियों ने पुलिसकर्मियों के हथियार छीनने और भागने की कोशिश की। इस दौरान हाथापाई हुई और पुलिसकर्मियों ने गोली चला दी। दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी। घटना में दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए।’’

आरोपियों को तेंगाखात प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से बाद में उन्हें डिब्रूगढ़ स्थित असम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में ले जाया गया।

‘ऑयल इंडिया लिमिटेड’ के सेवानिवृत्त अधिकारी चंद्रकांत भुइयां, उनकी पत्नी एलिजा और बेटी निहारिका भुइयां 16 नवंबर को अपने घर में मृत पाए गए थे। इसके एक दिन बाद परिवार के ‘केयरटेकर’ राजू दास और उसके सहयोगी अमीर दास को भागने की कोशिश के दौरान एक ट्रेन से गिरफ्तार किया गया था।

Join Our WhatsApp Channel G Prefer Navabharat News on Google

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav