महज 15 साल की उम्र में विश्व क्रिकेट में तहलका मचाने वाले भारतीय युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी की विस्फोटक बल्लेबाजी के कायल अब इंग्लैंड के पूर्व कप्तान और टेस्ट क्रिकेट के महानतम बल्लेबाजों में शुमार एलिस्टेयर कुक भी हो गए हैं। कुक का मानना है कि वैभव में टेस्ट क्रिकेट में भी बड़ा प्रभाव डालने की पूरी क्षमता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि क्रिकेट के सबसे लंबे प्रारूप को ऐसे ही निडर सोच वाले खिलाड़ियों की जरूरत है, जो गेंदबाजों पर हावी होकर दर्शकों का मनोरंजन करें और आने वाली पीढ़ी को रेड-बॉल क्रिकेट के प्रति प्रेरित कर सकें।
वैभव को टेस्ट में देखना चाहते हैं कुक
PTI को दिए एक इंटरव्यू में एलिस्टेयर कुक ने वैभव सूर्यवंशी की बेखौफ बल्लेबाजी की जमकर सराहना की। कुक ने कहा, ‘हर पीढ़ी को एक ऐसे प्रेरणादायक खिलाड़ी की जरूरत होती है, जिसे बच्चे अपना आदर्श मान सकें। अगर वैभव सभी प्रारूपों में ऐसा कर पाते हैं, तो यह टेस्ट क्रिकेट के लिए बहुत बड़ा बूस्ट होगा। जिस तरह उन्होंने व्हाइट-बॉल क्रिकेट में तूफान मचाया है, मैं चाहता हूं कि वह रेड-बॉल क्रिकेट में भी वैसा ही कमाल करें।’
इंग्लिश दिग्गज ने आगे कहा कि उन्होंने ऐसा टैलेंट पहले कभी नहीं देखा है। कुक के मुताबिक, ‘मुझे उम्मीद है कि उनके दिमाग में यह चुनौती होगी कि वह खुद को परखें कि टेस्ट क्रिकेट में कितने बेहतर हो सकते हैं। टेस्ट क्रिकेट को ऐसे खिलाड़ियों की जरूरत है जो कोशिश करने के लिए तैयार हों, भले ही वे हर बार सफल न हों। वह व्हाइट-बॉल क्रिकेट पर राज करते हैं, लेकिन मैं चाहता हूं कि वह टेस्ट क्रिकेट में भी ऐसा ही करें।’
15 साल की उम्र में इंटरनेशनल डेब्यू से लेकर दोहरे शतक तक का सफर
गौरतलब है कि बाएं हाथ के बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने बेहद कम उम्र में रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी है। महज 15 साल और 99 दिन की उम्र में इंटरनेशनल डेब्यू कर वह भारत के सबसे युवा इंटरनेशनल क्रिकेटर बने थे, इस मामले में उन्होंने शेफाली वर्मा का रिकॉर्ड तोड़ा था। वैभव ने सबसे पहले IPL 2025 में राजस्थान रॉयल्स की ओर से महज 35 गेंदों पर शतक जड़कर सुर्खियां बटोरी थीं और पुरुष टी20 क्रिकेट के सबसे युवा शतकवीर बने थे। इसके बाद IPL 2026 में भी उन्होंने अपनी प्रचंड फॉर्म जारी रखी और रिकॉर्ड 72 छक्कों की मदद से 776 रन बनाकर टूर्नामेंट के सबसे सफल बल्लेबाज रहे।
हाल ही में दोहा में खेले गए राइजिंग स्टार्स एशिया कप में भी वैभव ने इंडिया-ए की ओर से यूएई के खिलाफ महज 53 गेंदों पर नाबाद 204 रनों की ऐतिहासिक पारी खेली थी। 28 छक्कों और 7 चौकों से सजी इस पारी के दौरान उन्होंने 28 गेंदों में शतक और 52 गेंदों में दोहरा शतक पूरा कर लिस्ट-ए क्रिकेट इतिहास के सबसे तेज शतक और दोहरे शतक का वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम किया था।