‘शराब’ और ‘शिक्षा’ घोटाला दिल्ली सरकार में भ्रष्टाचार के ट्विन टावर : भाजपा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 30 Aug 2022 06:17 PM
‘शराब’ और ‘शिक्षा’ घोटाला दिल्ली सरकार में भ्रष्टाचार के ट्विन टावर : भाजपा
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को आरोप लगाया कि ‘शराब’ और ‘शिक्षा’ घोटाले दिल्ली सरकार में ‘भ्रष्टाचार के ट्विन टावर’ हैं तथा अरंिवद केजरीवाल के नेतृत्व में इनमें धीरे-धीरे अतिरिक्त मंजिलें जोड़ी जा रही हैं. भाजपा ने यह भी आरोप लगाया कि दिल्ली सरकार ने कक्षाओं के निर्माण की लागत में कई बार वृद्धि की और कई स्कूलों के शौचालयों को कक्षाओं के रूप में पेश किया, ताकि ‘बढ़ाई गई’ लागत को जायज ठहराया जा सके.

भाजपा नेता शहजाद पूनावाला ने एक संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार ‘रिवर्स रॉबिनहुड’ के मॉडल पर अमल कर रही है, जिसके तहत गरीबों के कल्याण के लिए निर्धारित राशि से शराब माफियाओं का खजाना भरा जा रहा है.

पूनावाला ने कहा, ‘‘लोगों ने ‘पाठशाला’ (स्कूल) मांगी थी, लेकिन ‘आप’ सरकार ने उन्हें ‘मधुशाला’ (शराब की दुकानें) दी. शिक्षा व शराब घोटाला राष्ट्रीय राजधानी में भ्रष्टाचार के ट्विन टावर हैं और मुख्यमंत्र अरंिवद केजरीवाल व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया इनके निर्माता.’’ भाजपा नेता का इशारा नोएडा में अवैध रूप से निर्मित सुपरटेक के ट्विन टावर की तरफ था, जिन्हें उच्चतम न्यायालय के निर्देश पर 28 अगस्त को ढहा दिया गया था.

सिसोदिया पर तंज कसते हुए पूनावाला ने कहा कि ‘भारत रत्न’ के बारे में तो पता नहीं, लेकिन उन्हें ‘भ्रष्टाचार रत्न’ से जरूर सम्मानित किया जाएगा. उन्होंने कथित शराब घोटाले को लेकर भाजपा द्वारा केजरीवाल से पूछे गए 15 सवालों को दोहराया और कहा कि वह ‘ध्यान भटकाने की कोशिश न करें, बल्कि इन सवालों के जवाब दें.’ भाजपा के विभिन्न प्रवक्ताओं द्वारा पूर्व में उठाए गए सवालों का हवाला देते हुए पूनावाला ने सवाल किया कि अगर भ्रष्टाचार नहीं हुआ था तो आबकारी नीति को क्यों उलट दिया गया.

भाजपा नेता ने दावा किया कि पुरानी आबकारी नीति के तहत खुदरा शराब विक्रेता ‘प्रति बोतल सिर्फ 33 रुपये’ कमाते थे, लेकिन ‘आप’ सरकार द्वारा लाई गई नयी नीति के तहत ‘750 मिलीलीटर की शराब की प्रत्येक बोतल पर उनकी कमाई बढ़कर 363 रुपये’ हो गई.
उन्होंने ‘आप’ से मुद्दे से ध्यान न भटकाने और उन विशिष्ट सवालों के जवाब देने को कहा, जिन्हें पिछले 38 दिनों से संबोधित नहीं किया गया है.

पूनावाला ने आरोप लगाया कि ‘भ्रष्टाचार’ उनका ‘­अधिकार’ बन गया है और जब जांच की जाती है, वे ‘अत्याचार-अत्याचार’ का रोना रोते हैं तथा ‘ड्रामा’ व ‘दुराचार’ पर उतर आते हैं. भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने उस घटना का जिक्र किया, जिसमें बाहरी दिल्ली के नांगलोई इलाके के एक सरकारी स्कूल में कक्षा में पंखा गिरने से एक छात्रा के सिर में गंभीर चोट आई थी.

तिवारी ने केजरीवाल सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा, ‘‘अब तक ‘आप’ की नैतिकता में गिरावट आ रही थी और अब उसके स्कूलों के पंखे भी गिरने लगे हैं.’’ उन्हों­ने आरोप लगाया कि कई सरकारी स्कूलों में कक्षाओं के निर्माण में अर्ध-स्थायी संरचनाओं का इस्तेमाल किया गया है, जिसके चलते पंखे गिर रहे हैं. छात्रा को नांगलोई के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है. तिवारी ने यह भी आरोप लगाया कि स्कूलों के निर्माण में घोटाला हुआ है और सरकार ने कई परियोजनाओं में निर्माण की लागत को कई बार बढ़ाया है.

उन्होंने एक रिपोर्ट प्रर्दिशत करते हुए दावा किया कि ‘पांच लाख रुपये की लागत बढ़ाकर 33 लाख रुपये कर दी गई’ और कई स्कूलों में निर्माण लागत में वृद्धि को जायज ठहराने के लिए शौचालयों को ‘कक्षाओं के रूप में गिना और पेश किया गया.’ भाजपा नेताओं की टिप्पणियों के जवाब में केजरीवाल ने ट्वीट किया, ‘‘भाजपा का आरोप है कि इतने ज्यादा सरकारी स्कूल क्यों बनाए, इतने क्लासरूम क्यों बनाए, हर क्लास में इतनी आधुनिक सुविधाएं क्यों दीं? क्योंकि हम देश के हर बच्चे को अच्छी से अच्छी शिक्षा देना चाहते हैं. अभी भाजपा शासित एमसीडी (दिल्ली नगर निगम) के स्कूलों का बुरा हाल है. वहां जीतने पर एमसीडी के स्कूल भी अच्छे करेंगे.’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu