
फरीदाबाद. कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए कहा कि वे भारत के अन्य भागों में जितनी चाहें उतनी जनसभाएं कर सकते हैं, लेकिन जहां से ‘भारत जोड़ो यात्रा’ गुजर रही है सिर्फ वहां कोविड है. गांधी ने कल भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा था कि वह कन्याकुमारी से कश्मीर तक की यात्रा को रोकने के लिए ‘‘बहाने’’ ढूंढ रही है. यात्रा इस समय हरियाणा में है और शनिवार को यह राष्ट्रीय राजधानी में प्रवेश करेगी.
गांधी ने शुक्रवार शाम यहां एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘अब, (केंद्रीय) स्वास्थ्य मंत्री मुझे पत्र लिख रहे हैं कि कोविड वापस आ गया है, यात्रा बंद करो. शेष भारत में भाजपा जितनी चाहे जनसभाएं कर सकती है, लेकिन जहां ‘भारत जोड़ो यात्रा’ चल रही है, वहां कोरोना और कोविड है.’’ भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कुछ चुंिनदा लोग नफरत फैला रहे हैं और वे चाहते हैं कि किसानों और युवाओं के दिल में डर हो. उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन किसान और युवा सहित भारत के आम लोग प्यार की भाषा बोल रहे हैं और एक साथ मिलकर चल रहे हैं. उन्होंने कहा कि ‘भारत जोड़ो यात्रा’ बेरोजगारी, महंगाई, भय और नफरत के खिलाफ है.



