‘भारत जोड़ो यात्रा’ 20 जनवरी को जम्मू-कश्मीर पहुंचेगी, 30 को श्रीनगर में ध्वजारोहण करेंगे राहुल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 02 Jan 2023 07:26 PM
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस ने सोमवार को कहा कि उसकी ‘भारत जोड़ो यात्रा’ 20 जनवरी को जम्मू-कश्मीर में दाखिल होगी और 30 जनवरी को श्रीनगर में इसका समापन होगा जहां राहुल गांधी तिरंगा फहराएंगे. पार्टी के संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने यह जानकारी दी. उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस को, सरकार के समक्ष सुरक्षा को लेकर उठाई गई चिंताओं पर उचित कदम उठाए जाने की उम्मीद है.

वेणुगोपाल ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘भाजपा के लोगों ने इस यात्रा को बदनाम करने और रोकने के लिए पूरा प्रयास किया है. लेकिन यह यात्रा जारी है और इसका संदेश जन-जन तक पहुंचा है.’’ उन्होंने बताया कि नौ दिनों के विश्राम के बाद यात्रा तीन जनवरी को उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद पहुंचेगी और देश की सबसे ज्यादा आबादी वाले राज्य में यह यात्रा पांच जनवरी तक रहेगी.

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने कहा, ‘‘छह जनवरी को ‘भारत जोड़ो यात्रा’ हरियाणा में प्रवेश करेगी जहां यह 10 जनवरी तक रहेगी. इसके बाद यह यात्रा 11 जनवरी को पंजाब में प्रवेश करेगी तथा एक दिन के लिए 19 जनवरी को हिमाचल प्रदेश से भी गुजरेगी.’’ वेणुगोपाल के अनुसार, 20 जनवरी को यह यात्रा जम्मू-कश्मीर में प्रवेश करेगी तथा 30 जनवरी को श्रीनगर में ध्वजारोहण होगा. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और यात्रा में उनकी ‘सुरक्षा में चूक’ के विषय पर कांग्रेस ने गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखा था जिसका जवाब एक अधिकारी ने दिया जो उचित नहीं है.

कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘एक राष्ट्रीय पार्टी ने पत्र लिखा था जिसका जवाब गृह मंत्री को खुद देना चाहिए था. यह संभव नहीं था तो गृह राज्य मंत्री इसका जवाब दे देते.’’ ‘भारत जोड़ो यात्रा’ सात सितंबर को कन्याकुमारी से आरंभ हुई थी और गत 24 दिसंबर को दिल्ली पहुंची. नौ दिनों के विराम के बाद यह तीन जनवरी को उत्तर प्रदेश पहुंचेगी. इसके बाद हरियाणा, पंजाब और जम्मू-कश्मीर जाएगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu