‘नफरत की राजनीति’ ज्यादा दिनों तक नहीं चलेगी: राहुल गांधी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 13 Jan 2023 06:30 PM
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा है कि कुछ ‘विभाजनकारी ताकतें’ देश की विविधता को देशवासियों के खिलाफ ही इस्तेमाल कर रही हैं, लेकिन ‘नफरत की राजनीति’ ज्यादा दिनों तक नहीं चलने वाली है. उन्होंने यह टिप्पणी उस पत्र में की है, जो कांग्रेस अपने ‘हाथ से हाथ जोड़ो अभियान’ के तहत राहुल गांधी के संदेश के तौर पर लोगों के बीच वितरित करेगी. कांग्रेस अपनी ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के आगे के कार्यक्रम के रूप में यह अभियान 26 जनवरी को शुरू करने वाली है, जो दो महीने तक चलेगा.

जनता के नाम संदेश वाले इस पत्र में राहुल गांधी ने दावा किया, ‘‘आज हमारी विविधता खतरे में है. कुछ विभाजनकारी ताकतें हमारी विविधता को हमारे ही खिलाफ इस्तेमाल कर रही हैं. एक धर्म को दूसरे धर्म से, एक जाति को दूसरी जाति से, एक भाषा को दूसरी भाषा से और एक राज्य को दूसरे राज्य से लड़ाया जा रहा है.’’ उन्होंने कहा, ‘‘ये विभाजनकारी ताकतें जानती हैं कि वो लोगों के दिल में असुरक्षा और डर पैदा करके ही समाज में नफरत का बीज बो सकती हैं. लेकिन इस यात्रा के बाद मुझे विश्वास हो गया है कि नफरत की राजनीति की अपनी सीमाएं हैं और वो ज्यादा दिनों तक नहीं चल सकती.

राहुल गांधी ने आर्थिक संकट, महंगाई, बेरोजगारी और किसानों से जुड़े मुद्दों का उल्लेख करते हुए पत्र में कहा, ‘‘मैं संसद से लेकर सड़क तक हर दिन इन बुराइयों के खिलाफ लड़ूंगा.’’ उनका कहना है, ‘‘मैं ऐसा भारत बनाने को दृढ़संकल्पित हूं, जहां हर एक भारतीय के पास सामाजिक खुशहाली के साथ आर्थिक समृद्धि के लिए समान अवसर हो, युवाओं को रोजगार मिले, किसानों को उनकी फसल का सही दाम मिले, छोटे और मझोले उद्योगों को प्रोत्साहन मिले, डीजल-पेट्रोल सस्ता हो, रुपया डॉलर के सामने मजबूत हो और गैस सिंिलडर की कीमत 500 रुपये से अधिक न हो.’’

राहुल गांधी ने कहा, ‘‘आज हर भारतीय ये महसूस कर रहा है कि आपसी नफरत और झगड़े हमारे देश के विकास में बाधक हैं. मुझे इस बात का पूरा विश्वास है कि हम सब समाज में बुराई पैदा करने वाले जाति, धर्म, क्षेत्र, और भाषा के मतभेदों से ऊपर उठेंगे. हमारी महानता ‘विविधता में एकता’ की हमारी पहचान है. मेरा आप सभी को यही संदेश है.’’ उन्होंने लोगों का आ’’ान किया, ‘‘डरो मत! अपने दिल से डर को निकाल दो, नफरत अपने आप हमारे समाज से खत्म हो जाएगी.’’ कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा, ‘‘इस यात्रा ने मुझे आप सब के हक में लड़ने के लिए एक नई ताकत दी है. ये यात्रा मेरे लिए एक तपस्या थी. इस यात्रा ने मुझे सिखाया है कि हकÞ की लड़ाई में कमजोरों की ढाल बनना है, जिनकी आवाज दवाई जा रही है, उनकी आवाज उठाना है.’’

पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने ‘हाथ से हाथ जोड़ो अभियान’ के संदर्भ में संवाददाताओं से कहा, ‘‘यह अभियान ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का विस्तार है. इस अभियान के तहत हम यात्रा का संदेश राजनीतिक भाषा में बताएंगे. कांग्रेस कार्यकर्ता देश के हर परिवार को राहुल गांधी जी का एक ख़त और मोदी सरकार की विफलताओं का ‘आरोपपत्र’ भी जनता को सौंपेंगे.’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम देश के करीब ढाई लाख पंचायतों, करीब छह लाख गांवों और 10 लाख से अधिक मतदान केंद्रों तक पहुंचेंगे. हम हर घर तक संपर्क करने का प्रयास करेंगे.’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu