भाजपा के दो चेहरे, चुनाव के दौरान कहती कुछ है और चुनाव के बाद करती कुछ और है : ममता बनर्जी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 18 Jan 2023 06:59 PM
ऑडियो सुनें

शिलांग. बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि यह पार्टी ‘दो चेहरे’ वाली है, जो चुनाव के दौरान कहती कुछ है और चुनाव के बाद करती कुछ और है. मेघालय के गारो हिल्स जिले में एक जनसभा को संबोधित करते हुए बनर्जी ने दावा किया कि उनकी तृणमूल कांग्रेस एकमात्र पार्टी है जो पूर्वोत्तर राज्य में बेहतर शासन प्रदान कर सकती है, क्योंकि यह लोगों के सपनों को पूरा करती है.

चुनाव आयोग द्वारा बुधवार को जारी चुनावी कार्यक्रम के अनुसार मेघालय में विधानसभा चुनाव के लिए 27 फरवरी को मतदान होगा जबकि 2 मार्च को मतगणना होगी. मेघालय की 60 सदस्यीय विधानसभा का कार्यकाल 15 मार्च को समाप्त हो रहा है. तृणमूल कांग्रेस को वोट देने की अपील करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा ‘दो चेहरे’ वाली है, जो चुनाव के दौरान कहती कुछ है और चुनाव के बाद करती कुछ और है. केंद्र की भाजपा सरकार सिर्फ उसकी पार्टी के शासन वाले राज्यों को ही धन मुहैया कराती है.’’

बनर्जी ने कहा, ‘‘इस (नेशनल पीपुल्स पार्टी नीत) सरकार ने पिछले पांच साल में राज्य में क्या काम किया है? हम उन्हें चुनौती देते हैं कि वे अपने कार्यों का रिपोर्ट कार्ड दिखाएं… ऐसा क्यों है कि मेघालय में इतने सालों बाद भी घरों में बिजली नहीं पहुंची है? युवा पीढ़ी को रोजगार के अवसर क्यों नहीं मिल रहे हैं?’’ उन्होंने कहा, ‘‘अगर आप इस भ्रष्ट और छद्म भाजपा सरकार को बदलना चाहते हैं तो तृणमूल कांग्रेस ही एकमात्र विश्वसनीय विकल्प है. हम मेघालय में जनता के लिए, जनता द्वारा और जनता की सरकार चाहते हैं.’’

इस मौके पर तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने आरोप लगाया कि पूर्वोत्तर राज्य में शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, सड़कें और बुनियादी ढांचा खस्ताहाल हैं. तृणमूल कांग्रेस असम और त्रिपुरा के साथ मेघालय में अपनी पैठ मजबूत करने की कोशिश कर रही है. नवंबर 2021 में, मेघालय में कांग्रेस के 17 में से 12 विधायक तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गए थे, जिससे यह 60 सदस्यीय विधानसभा में प्रमुख विपक्षी पार्टी बन गई.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu