चिनफिंग की रूस यात्रा शांति और दोस्ती के लिए : चीन

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 22 Mar 2023 07:50 PM
ऑडियो सुनें

बीजिंग/कीव. चीन ने बुधवार को राष्ट्रपति शी चिनफिंग की रूस की यात्रा को ‘‘मित्रता, सहयोग और शांति’’ की यात्रा करार दिया और यूक्रेन को अमेरिका द्वारा हथियार मुहैया कराने की निंदा की. चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता वांग वेनबिन ने चीन के दावे को दोहराया कि यूक्रेन-रूस संघर्ष के मामले में वह तटस्थ रहेगा. उन्होंने कहा कि , ‘‘ चीन की यूक्रेन मुद्दे को लेकर कोई स्वार्थी मंशा नहीं है और आदर्श तौर पर इसके साथ नहीं है या इसे लाभ लेने के अवसर के तौर पर नहीं देख रहा है.’’

वांग ने दैनिक प्रेस वार्ता में कहा, ‘‘चीन एक शब्द में कहता है कि वह शांति वार्ता को प्रोत्साहित करता है.’’ उन्होंने अमेरिका पर निष्पक्षता में कमी और यूक्रेन को हथियार देकर अपने हित में संघर्ष को ‘हवा देने’ का आरोप लगाया. गौरतलब है कि अमेरिका, नाटो और सहयोगी देश युद्ध के शुरुआत से ही यूक्रेन की मदद कर रहे हैं जबकि चीन सीधे तौर पर संलिप्त होने से बचते हुए रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को आर्थिक मदद कर रहा है.

चीन विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा, ‘‘राष्ट्रपति शी चिनफिंग की रूस यात्रा दोस्ती, सहयोग और शांति के लिए थी जिसका सकारात्मक असर अंतरराष्ट्रीय समुदाय में हुआ है.’’ उन्होंने कहा कि चीन ‘‘यूक्रेन मुद्दे के राजनीतिक समाधान के लिए सकारात्मक भूमिका निभाना जारी रखेगा. वांग संभवत: बीजिंग द्वारा प्रेषित 12 सूत्रीय शांति प्रस्ताव का संदर्भ दे रहे थे जिसमें संघर्ष विराम और वार्ता का आह्वान किया गया है.

हालांकि, चीन द्वारा पेश इस प्रस्ताव को पश्चिमी देशों ने मोटे तौर पर खारिज कर दिया है क्योंकि बीजिंग मॉस्को का बहुत ही करीबी है और उसे तटस्थ मध्यस्थ के तौर पर नहीं देखा जाता है. साथ ही प्रस्ताव में यूक्रेन से रूसी सैनिकों की वापसी को लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं की गई है. गौरतलब है कि चीन के राष्ट्रपति के रूस दौरे के समय ही जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा ने यूक्रेन की यात्रा की जिसे अमेरिका का साझेदार और पूर्वी एशिया में चीन का सबसे बड़ा प्रतिद्वंद्वी माना जाता है.

इस बीच, रूस ने मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात को यूक्रेन पर श्रृंखलाबद्ध तरीके से ड्रोन हमले किए जिनमें कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई और आधारभूत अवसंरचना को नुकसान पहुंचा. यूक्रेन के संदर्भ में वांग ने कहा कि रूस और चीन इस बात पर सहमत है कि संयुक्त राष्ट्र घोषणा पत्र और अंतरराष्ट्रीय कानूनों का सम्मान किया जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि दोनों देश एकतरफा तरीके से अमेरिका और अन्य देशों द्वारा पुतिन और उनके वित्तीय समर्थकों द्वारा आर्थिक प्रतिबंध लगाने का विरोध करते हैं.

चिनफिंग की रूस यात्रा के दौरान हस्ताक्षरित संयुक्त घोषणा पत्र का संदर्भ देते हुए वांग ने कहा, ‘‘दोनों पक्षों ने यूक्रेन संघर्ष के समाधान की ओर ध्यान आर्किषत कराया जिसके तहत सभी देशों की वैध सुरक्षा चिंता का सम्मान किया जाना चाहिए और संघर्ष समूह व विवाद को हवा देने से बचना चाहिए.’’ वांग ने कहा, ‘‘दोनों पक्षों ने जोर दिया कि संवाद मुद्दे का समाधान करने का सबसे बेहतरीन तरीका है.’’

चीन के राष्ट्रपति रूस से, जापान के प्रधानमंत्री यूक्रेन से रवाना

चीन के राष्ट्रपति शी चिनंिफग अपनी तीन दिवसीय रूस यात्रा सम्पन्न करने के बाद मॉस्को से रवाना हो गए हैं. जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा के यूक्रेन की राजधानी कीव से रवाना होने के कुछ समय बाद शी रूस की राजधानी मॉस्को से निकले. किशिदा मंगलवार को कीव पहुंचे थे. उनके इस आकस्मिक दौरे ने अंतरराष्ट्रीय मीडिया का सारा ध्यान शी की रूस यात्रा से अपनी ओर कर लिया था.

शी ने अपनी रूस की यात्रा के दौरान यूक्रेन के लिए चीन के शांति प्रस्ताव का प्रचार किया, जिसे पश्चिमी देश पहले ही खारिज कर चुके हैं. शी की यात्रा से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अलग-थलग पड़े रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का मनोबल बढ़ा है, जिनके खिलाफ अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायालय (आईसीसी) ने यूक्रेन से बच्चों के अपहरण में कथित संलिप्तता के कारण युद्ध अपराधों के लिए गिरफ्तारी वारंट जारी किया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu