प्रधानमंत्री मोदी से आग्रह करता हूं कि पोस्टर लगाने वालों को रिहा करें : केजरीवाल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 23 Mar 2023 06:44 PM
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बृहस्पतिवार को केंद्र पर निशाना साधते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने वाले नेताओं के खिलाफ भ्रष्टाचार के मामले ‘बंद’ कर दिए गए हैं. जंतर-मंतर पर एक जनसभा को संबोधित करते हुए आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल ने कहा कि उन्हें उन पोस्टर से ‘कोई आपत्ति नहीं’ है, जो उनके (मुख्यमंत्री के) खिलाफ लगाए गए थे और इसके पीछे जो लोग हैं उन्हें ‘गिरफ्तार नहीं किया जाना चाहिए.’

उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री इतने डरे हुए क्यों हैं? मैंने देखा कि मेरे खिलाफ पोस्टर लगाए गए थे और मुझे इससे कोई दिक्कत नहीं है. कोई प्राथमिकी या गिरफ्तारी नहीं होगी.’’ केजरीवाल ने आरोप लगाया, ‘‘कुछ लोग देश को तानाशाही की ओर ले जा रहे हैं. हम सभी को मिलकर देश के संविधान और लोकतंत्र को बचाना है, हमें देश को बचाना है.’’

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आग्रह किया कि ‘मोदी हटाओ, देश बचाओ’ लिखित पोस्टर के संबंध में गिरफ्तार किए गए लोगों को रिहा किया जाए. ‘आप’ ने 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए चुनावी बिगुल फूंकते हुए बृहस्पतिवार को यहां जंतर-मंतर से ‘मोदी हटाओ, देश बचाओ’ अभियान की शुरुआत की.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu