चोटिल जसप्रीत बुमराह की जगह संदीप वारियर मुंबई इंडियन्स की टीम में शामिल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 31 Mar 2023 09:23 PM
ऑडियो सुनें

मुंबई. मुंबई इंडियंस ने इंडियन प्रीमियर लीग 2023 के लिए शुक्रवार को चोटिल तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की जगह संदीप वारियर को टीम में शामिल किया. बुमराह पीठ की चोट के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए थे.

मुंबई इंडियन्स ने एक बयान में कहा, ‘‘जसप्रीत बुमराह के विकल्प के तौर पर दाएं हाथ के तेज गेंदबाज संदीप वारियर मुंबई इंडियंस टीम में शामिल होंगे. 2021 में भारत के लिए पदार्पण करने वाले संदीप घरेलू र्सिकट में एक अनुभवी खिलाड़ी हैं जिन्होंने 200 से अधिक मैच खेले हैं जिनमें से 69 मैच टी20 प्रारूप के हैं. उन्होंने अपने करियर में अब तक सभी प्रारूपों में 362 विकेट लिए हैं.’’

टीम ने कहा, ‘‘रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के खिलाफ टीम के आईपीएल 2023 के पहले मैच से पूर्व संदीप मुंबई इंडियंस टीम से जुड़ जाएंगे.’’ वारियर ने 66 प्रथम श्रेणी, 69 लिस्ट ए और 98 टी20 मुकाबले खेले हैं जिसमें उन्होंने क्रमश: 217, 83 और 62 विकेट लेकर चटकाए हैं. उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ जुलाई 2021 में कोलंबो में टी20 प्रारूप में भारत के लिए पदार्पण किया. उन्होंने 2020 में तमिलनाडु जाने से पहले घरेलू क्रिकेट में केरल का प्रतिनिधित्व किया.

मुंबई इंडियंस दो अप्रैल को बेंगलुरू के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में आरसीबी के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगा. बुमराह को इस साल की शुरुआत में न्यूजीलैंड में अपनी पीठ की सर्जरी करवानी पड़ी थी जिससे वह पूरे आईपीएल के साथ-साथ जून में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप (डब्ल्यूटीसी) फाइनल से भी बाहर हो गए.

हालांकि दाएं हाथ के इस 29 वर्षीय तेज गेंदबाज का लक्ष्य 50 ओवर के विश्व कप में वापसी करना है जिसकी मेजबानी भारत इस साल अक्टूबर-नवंबर में करेगा. बुमराह को पिछले रविवार को मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में मुंबई इंडियन्स टीम के अपने साथियों के साथ महिला प्रीमियर लीग का फाइनल देखते हुए देखा गया था. उन्हें इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर के साथ बातचीत करते हुए भी देखा गया था. दाएं हाथ के तेज गेंदबाज आर्चर कोहनी की चोट के कारण पिछले साल आईपीएल में नहीं खेल पाए थे और इस साल मुंबई इंडियंस के लिए खेलने को तैयार हैं.
***

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu