अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति ट्रंप आपराधिक मामले में अदालत में होंगे पेश

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 04 Apr 2023 09:14 PM
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति ट्रंप आपराधिक मामले में अदालत में होंगे पेश
ऑडियो सुनें

न्यूयॉर्क. अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 2016 के राष्ट्रपति पद के चुनाव से पहले वयस्क फिल्मों की एक अभिनेत्री को मुंह बंद रखने के लिए धन देने के आरोपों से जुड़े आपराधिक मामले में मंगलवार को मैनहट्टन की अदालत में पेश होंगे. आज होने वाली उनकी पेशी के मद्देनजर अदालत कक्ष में और बाहर, सुरक्षा के विशेष प्रबंध किए गए हैं.

आपराधिक आरोप का सामना करने वाले पहले पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप न्यायाधीश जुआन मर्चेन के सामने पेश होंगे. अमेरिकी मीडिया ने ट्रंप के वकीलों के हवाले से कहा कि 2024 में दूसरी बार व्हाइट हाउस पहुंचने की इच्छा रखने वाले 76 वर्षीय रिपब्लिकन नेता खुद पर लगे आरोपों को स्वीकार नहीं करेंगे. ट्रंप (76) अपने ‘मार-ए-लागो’ आवास से सोमवार को बोइंग 757 विमान से न्यूयॉर्क के लिए रवाना हुए थे और ला गार्डिया हवाई अड्डे पहुंचे.

उनका काफिला मैनहट्टन के ‘फिफ्थ एवेन्यू’ स्थित ‘ट्रंप टावर’ की ओर बढ़ा, जहां वह रात में रुके. टावर के आसपास की सड़कों की घेराबंदी कर दी गई है और भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है. जब पूर्व राष्ट्रपति अपनी गाड़ी से बाहर आए तो उन्होंने अपने समर्थकों की ओर हाथ हिलाया और सुरक्षाकर्मी उन्हें शीघ्रता से इमारत के अंदर ले गए. अदालत में पेश होने के बाद ट्रंप फौरन फ्लोरिडा रवाना हो जाएंगे जहां वह शाम के समय ‘मार-ए-लागो’ में बयान देंगे.

अदालत में अभियोग की कार्यवाही संक्षप्ति रहने के आसार हैं. सुनवाई के दौरान उन्हें आरोपों को पढ़कर सुनाया जाएगा जिसमें करीब 10-15 मिनट लगेंगे. ट्रंप ने 2016 के राष्ट्रपति पद के चुनाव से पहले स्टॉर्मी डेनियल्स (44) को धन देने के संबंध में कुछ भी गलत करने से इनकार किया है.

मैनहट्टन जिला अटॉर्नी के कार्यालय द्वारा जांच तब शुरू की गई थी जब ट्रंप राष्ट्रपति थे. मामला राष्ट्रपति चुनाव से कुछ दिन पहले, अक्टूबर 2016 के अंत में उनके तत्कालीन निजी वकील माइकल कोहेन द्वारा डेनियल्स को किए गए 1,30,000 अमेरिकी डॉलर के भुगतान से संबंधित है. यह पैसा डेनियल्स को कथित तौर पर इसलिए दिया गया, ताकि वह एक दशक पहले ट्रंप के साथ रहे अपने कथित संबंधों के बारे में कोई खुलासा न करे. ट्रंप इस आरोप से इनकार करते रहे हैं.

कानून प्रवर्तक एजेंसियां उनका ‘मगशॉट’ ले सकती हैं. ‘ मगशॉट’ एक तरह का फोटो होता है और यह तब लिया जाता है जब किसी व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया जाता है या उसके खिलाफ मामला दर्ज किया जाता है. ट्रंप को हथकड़ी लगाए जाने की उम्मीद नहीं है और वह सुरक्षा के लिए सशस्त्र संघीय एजेंटों से घिरे रहेंगे.

ट्रंप के वकीलों ने सोमवार को न्यायाधीश मर्चेन से आग्रह किया कि वह अदालत कक्ष में कैमरे लाने की अनुमति प्रदान नहीं करें.
उनके वकील ने न्यायाधीश मर्चेन को लिखे पत्र में कहा, ‘‘हम आग्रह करते हैं कि मीडिया के अनुरोध को खारिज किया जाना चाहिए, क्योंकि यह अभियोग लगाने की प्रक्रिया के दौरान सर्कस जैसा माहौल बना देगा और अजीब सुरक्षा ंिचताओं को उठाएगा तथा यह ट्रंप के बेगुनाह होने की धारणा के लिए भी मुनासिब नहीं है.’’ न्यायाधीश ने सोमवार रात कहा कि मीडिया संगठनों को ट्रंप को आरोपित करने की प्रक्रिया का प्रसारण करने की अनुमति नहीं होगी लेकिन कुछ छायाकार कार्यवाही के आधिकारिक तौर पर शुरू होने से पहले तस्वीरें ले सकते हैं.

रिपब्लिकन पार्टी से जुड़े ट्रंप ने सोमवार को फ्लोरिडा से रवाना होने से पहले ‘ट्रूथ सोशल’ मंच पर लिखा कि उन्हें लगातार परेशान किया जा रहा है. अभियोग लगाने की प्रक्रिया ऐसे वक्त हो रही है जब ट्रंप अन्य संभावित आपराधिक मामलों में कानूनी अड़चनों का सामना कर रहे हैं.

ट्रंप 2024 के राष्ट्रपति चुनाव के लिए रिपब्लिकन पार्टी के सभी घोषित और संभावित उम्मीदवारों में सबसे आगे हैं. लेकिन अमेरिका के कानून में ऐसा कोई प्रावधान नहीं है जो आपराधिक मामले में दोषी ठहराए गए उम्मीदवार को प्रचार करने या राष्ट्रपति पद पर आसीन होने से रोके-भले ही संबंधित व्यक्ति जेल से सेवा दे. ट्रंप और उनके सहयोगी अभियोग का उपयोग अपने समर्थकों को उकसाने और 2024 के अपने चुनाव प्रचार को मजबूत करने के लिए कर रहे हैं.

ट्रंप के प्रचार के मकसद से किए गए एक एक ई-मेल में कहा गया, ‘‘यह विश्वास करना मुश्किल है कि मुझे (ट्रंप को) कल हमारे देश के इतिहास में परेशान करने के सबसे शर्मनाक तरीके की वजह से गिरफ्तार कर लिया जाएगा.’’ इसमें मतदाताओं से उनकी प्रचार मुहिम में योगदान देने को कहा गया है. ट्रंप मुहिम के ईमेल ने कहा कि पांच नवंबर 2024 अब केवल एक चुनाव दिवस नहीं होगा, बल्कि यह सत्य की जीत का दिन होगा. इसमें कहा गया है, ‘‘जब हम जीतेंगे, तो यह हमारे आंदोलन की प्रामाणिकता होगी. ’’

घटनाक्रम:-

अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 2016 के राष्ट्रपति पद के चुनाव प्रचार के दौरान वयस्क फिल्मों की अभिनेत्री स्टॉर्मी डेनियल्स को मुंह बंद रखने के लिए धन देने के आरोपों से जुड़े आपराधिक मामले में मंगलवार को मैनहट्टन की अदालत में पेश हो सकते हैं.
वह आपराधिक आरोप का सामना करने वाले देश के पहले पूर्व राष्ट्रपति हैं. ट्रंप पर आपराधिक मामले से जुड़ा घटनाक्रम इस प्रकार है :

2006 : वयस्क फिल्मों की अभिनेत्री स्टॉर्मी डेनियल्स ने बताया कि उन्होंने नेवादा में लेक टाहो में सेलिब्रिटी गोल्फ टूर्नामेंट में ट्रंप से मुलाकात की थी.

2007 : एक साल बाद ट्रंप ने डेनियल्स से कहा कि वह एक कार्यक्रम में शामिल होने पर चर्चा करने के लिए लॉस एंजिलिस के बेवर्ली हिल्स होटल में उनके बंगले में आकर उनसे मिले.

2011 : डेनियल्स ने ‘इन टच मैगजीन’ को साक्षात्कार दिया जिसमें उन्होंने ट्रंप के साथ कथित संबंधों की जानकारी दी.
जुलाई 2016 : ट्रंप ने अपनी उम्मीदवारी की घोषणा करने के एक साल बाद राष्ट्रपति पद के लिए रिपब्लिकन पार्टी का नामांकन हासिल किया.

अक्टूबर 2016 : वॉल स्ट्रीट जर्नल के अनुसार, उस वक्त ट्रंप के वकील माइकल कोहेन ने ट्रंप के साथ कथित संबंधों के बारे में चुप रहने के लिए डेनियल्स को 1,30,000 डॉलर का भुगतान करने की व्यवस्था की.

नवंबर 2016 : ट्रंप ने राष्ट्रपति चुनाव में जीत हासिल की.

जनवरी 2018 : वॉल स्ट्रीट जर्नल ने डेनियल्स से कोहेन के सौदे की खबर दी. एक बार फिर ट्रंप और कोहेन ने डेनियल्स को पैसे देने की बात से इनकार किया.

फरवरी 2018 : कोहेन ने न्यूयॉर्क टाइम्स को बताया कि उन्होंने अपने पैसों से डेनियल्स को भुगतान किया और ट्रंप की कंपनी या प्रचार अभियान के कहने पर ऐसा नहीं किया. उन्होंने कहा कि ट्रंप ने कभी उन्हें भुगतान के लिए कोई रकम नहीं दी.

अप्रैल 2018 : ट्रंप की डेनियल्स को भुगतान करने की बात जनवरी में सार्वजनिक हो गयी.

जुलाई 2018 : उस समय ट्रंप के निजी वकील रहे रुडी गुइलानी ने फॉक्स न्यूज को बताया कि डेनियल्स को भुगतान करना प्रचार अभियान का वित्तीय उल्लंघन नहीं था क्योंकि पैसा ‘‘एक कानूनी कंपनी के जरिए दिया गया’’ और ट्रंप ने कोहेन को भुगतान कर दिया था.

अगस्त 2018 : कोहेन ने मैनहट्टन की संघीय अदालत में आपराधिक आरोपों का दोष स्वीकार कर लिया.

अगस्त 2019 : उस समय मैनहट्टन डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी साइरस वैंस ने मामले को रफा-दफा करने के लिए दिए गए पैसों के रिकॉर्ड के लिए ट्रंप ऑर्गेनाइजेशन को सम्मन जारी किया.

मई 2020 : कोविड-19 संबंधी ंिचताओं के कारण कोहेन को जेल से रिहा कर दिया गया और बाकी की सजा घर में नजरबंद रहते हुए काटने का आदेश दिया गया.

दिसंबर 2022 : मैनहट्टन में न्यूयॉर्क स्टेट कोर्ट में मुकदमे के बाद ट्रंप ऑर्गेनाइजेशन को कर चोरी का दोषी पाया गया. कंपनी पर एक महीने बाद 16 लाख डॉलर का जुर्माना लगाया गया.

जनवरी 2023 : मामले को रफा-दफा करने के लिए किए गए भुगतान में ट्रंप की कथित भूमिका के बारे में एक ग्रैंड जूरी के सामने साक्ष्य पेश किए गए.

मार्च 2023 : मैनहट्टन के अभियोजकों ने ट्रंप से ग्रैंड जूरी के समक्ष गवाही देने को कहा, जिससे उन्होंने इनकार कर दिया. कोहेन ने गवाही दी जबकि डेनियल्स ने अभियोजकों से मुलाकात की.

अप्रैल 2023 : ट्रंप मैनहट्टन अदालत में पेश होने के लिए न्यूयॉर्क पहुंचे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu