बीते वित्त वर्ष में वस्तुओं का निर्यात 447 अरब डॉलर पर, अंतिम आंकड़ों का इंतजार : गोयल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 04 Apr 2023 08:30 PM
बीते वित्त वर्ष में वस्तुओं का निर्यात 447 अरब डॉलर पर, अंतिम आंकड़ों का इंतजार : गोयल
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने मंगलवार को कहा कि देश का वस्तुओं का निर्यात बीते वित्त वर्ष 2022-23 में 447 अरब डॉलर तक पहुंच गया है. उन्होंने कहा कि ये आंकड़े अंतिम नहीं हैं और अंतिम आंकड़ों का इंतजार है. बीते वित्त वर्ष के लिए निर्यात और आयात के अंतिम आंकड़े अप्रैल मध्य तक जारी किए जाएंगे.

फिलहाल मंत्रालय आंकड़ों को मिला रहा है. वस्तुओं के लिए व्यापार के आंकड़े लगभग 15 दिन के अंतराल पर आते हैं. सेवाओं के मामले में यह अंतराल 45 दिन का रहता है. गोयल ने कहा कि 2022-23 में सेवाओं का निर्यात 320 अरब डॉलर को पार करने का अनुमान है. उन्होंने कहा, ‘‘पिछले वित्त वर्ष के दौरान वस्तुओं का निर्यात लगभग छह प्रतिशत की वृद्धि के साथ 447 अरब डॉलर रहेगा. हालांकि, अंतिम आंकड़ो का अभी इंतजार है.’’ इससे पिछले वित्त वर्ष में निर्यात 422 अरब डॉलर रहा था.

उन्होंने कहा कि कच्चे माल की कीमतों में वृद्धि, गेहूं जैसे कुछ उत्पादों के निर्यात पर प्रतिबंध और रूस-यूक्रेन युद्ध जैसी वैश्विक चुनौतियों के बावजूद देश का निर्यात बढ़ रहा है. उन्होंने कहा, ‘‘अंतिम आंकड़ा (वस्तुओं और सेवाओं का निर्यात) 765 अरब डॉलर के करीब होगा… मुझे आश्चर्य नहीं होगा यदि हम वास्तव में 772 अरब डॉलर को पार कर जाएं.’’ सरकार ने 2030 तक 2,000 अरब डॉलर का निर्यात लक्ष्य तय करते समय 2022-23 के लिए 772 अरब डॉलर का लक्ष्य रखा था. उन्होंने कहा कि अगर आंकड़े 772 अरब डॉलर के स्तर को पार करते हैं तो ‘‘शायद मैं 2,000 अरब डॉलर के लक्ष्य को भी बदल दूंगा.’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu