IPL और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कप्तानी छोड़ने के बाद सहज लग रहा है कोहली: डिविलियर्स

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 05 Apr 2023 08:28 PM
IPL और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कप्तानी छोड़ने के बाद सहज लग रहा है कोहली: डिविलियर्स
ऑडियो सुनें

मुंबई. दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलूर (आरसीबी) के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी एबी डिविलियर्स का कहना है कि विराट कोहली इंडियन प्रीमियर लीग फ्रेंचाइजी और राष्ट्रीय टीम के कप्तान की भूमिका छोड़ने के बाद इस सत्र में तनावमुक्त और खुश नजर आ रहे हैं.

आईपीएल 2023 के पहले मैच में नाबाद 82 रन की पारी खेलकर अपनी टीम को जीत दिलाने वाले कोहली 2021 सत्र के बाद आरसीबी की कप्तानी से हट गए और लगभग उसी समय उन्होंने सभी प्रारूपों में राष्ट्रीय टीम की कप्तानी भी छोड़ी. कोहली की बल्लेबाजी के संदर्भ में डिविलियर्स ने मीडिया से कहा, ‘‘मैंने ज्यादा बदलाव नहीं देखा है, सब कुछ पहले जैसा है. तकनीक ठोस दिखती है, उसे क्रीज पर अच्छा संतुलन मिला है. उसमें अब भी काफी ऊर्जा है. मुझे बस यही लगता है कि इस सीजन में वह काफी तरोताजा दिख रहा है. मैंने उसके कुछ साक्षात्कार देखे हैं जहां वह पहले से कहीं ज्यादा हंस रहा था.’’

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि पिछले सत्र में कप्तानी छोड़ने से उसे सहज होने में काफी मदद मिली. वह एक शानदार कप्तान थे लेकिन उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और आईपीएल में भी लंबे समय तक ऐसा किया जो चुनौतीपूर्ण हो सकता है. आपको आराम करने या परिवार के साथ बिताने या कुछ दोस्तों के साथ हंसी-मजाक करने का समय नहीं मिलता है. मुझे लगता है कि इस सत्र के लिए उनका यही मंत्र है, बस मौज-मस्ती करना, मुस्कुराते रहना.’’

डिविलियर्स ने कहा, ‘‘जब वह लुत्फ उठा रहा होता है तो नैर्सिगक प्रतिभा हावी हो जाती है और वह आसानी से रन बनाता है जो उसने पहले मैच में किया. मुझे लगता है कि अभी सर्वश्रेष्ठ आना बाकी है और हमें कुछ आतिशबाजी बल्लेबाजी देखने को मिलेगी.’’ डिविलियर्स ने भारत और मुंबई इंडियंस के बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव का बचाव किया जिनके फॉर्म में अचानक गिरावट दिखी है. उन्हें सूर्यकुमार को सलाह दी कि अतीत में जो काम किया है उस पर ध्यान केंद्रित करें.

उन्होंने कहा, ‘‘वह शायद अब उस चरण में है जहां उसे कुछ करने की जरूरत है. लेकिन इसका राज यह है कि घबराएं नहीं और अपना रणनीति नहीं बदलें. वर्षों से जो उसके लिए काम कर रहा है, उसे उसी पर टिके रहना होगा. हां, वह कोशिश कर सकता है और याद रख सकता है कि ‘मेरे बेसिक्स क्या हैं’ या ‘जब मैं लगातार रन बना रहा था तो मैंने क्या अच्छा किया’ क्योंकि जाहिर है कि वह अपने खेल को पूरी तरह से अलग स्तर पर ले गया था’’ डिविलियर्स ने कहा कि सूर्यकुमार को उनसे लगाई जाने वाली उम्मीदों को भूलना होगा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu