मुंबई पुलिस ने ‘सरकार विरोधी’ गाने को लेकर ‘रैपर’ के खिलाफ मामला दर्ज किया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 09 Apr 2023 08:26 PM
मुंबई पुलिस ने ‘सरकार विरोधी’ गाने को लेकर ‘रैपर’ के खिलाफ मामला दर्ज किया
ऑडियो सुनें

मुंबई. मुंबई पुलिस ने सरकार और प्रशासनिक तंत्र के खिलाफ कथित तौर पर गीत गाने को लेकर ‘रैपर’ उमेश खाडे के विरूद्ध मामला दर्ज किया है. एक पुलिस अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी. इसी के साथ महाराष्ट्र पुलिस ने इस सप्ताह दो ‘रैपर’ के खिलाफ सरकार को कथित रूप से निशाना बनाने को लेकर मामले दर्ज किये हैं. नये मामले के सिलसिले में मुंबई पुलिस की अपराध शाखा इकाई के एक अधिकारी ने शिकायत दर्ज की थी.

अधिकारी ने बताया कि इस शिकायत के आधार पर वडाला क्षेत्र के रैपर उमेश खाडे के खिलाफ उनके गाने ‘भोंगली केली जनता’ (जिसमें जनता की पीड़ा का जिक्र है) को लेकर शुक्रवार को प्राथमिकी दर्ज की गयी. उन्होंने बताया कि खाडे ने शंभो अकाउंट नाम से एक सोशल मीडिया मंच पर गाना अपलोड किया था और यह गाना वायरल हो गया.

अधिकारी ने बताया कि खाडे के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धाराओं 504 (शांति भंग करने की मंशा से जानबूझकर अपमान करना), 505 (2) (वर्गों के बीच वैमनस्य, शत्रुता एवं दुर्भावना फैलाने वाला बयान) तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 की धारा 67 (इलेक्ट्रोनिक रूप में अश्लील /अशोभनीय सामग्री प्रकाशित करना/फैलाना) के तहत मामला दर्ज किया गया है. अधिकारी ने बताया कि बृहस्पतिवार को खाडे से पूछताछ की गयी और पूछताछ के बाद उन्हें जाने दिया गया.

उन्होंने बताया कि शुक्रवार को प्राथमिकी दर्ज किये जाने के बाद खाडे को नोटिस जारी किया गया और उनसे कहा गया कि जब भी जरूरत होगी, उन्हें जांच अधिकारी के सामने पेश होना होगा. राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेता जितेंद्र आव्हाड ने ट्वीट किया था कि खाडे के गाने में कुछ भी आपत्तिजनक नहीं है.

अधिकारी ने बताया कि इससे पहले ठाणे जिले के अंबरनाथ में पुलिस ने ‘रैपर’ राज मुंगसे के खिलाफ उनके गीत को लेकर मामला दर्ज किया था. उन्होंने बताया कि उनके गीत में बिना किसी का नाम लिये अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करते हुए महाराष्ट्र की शिवसेना-भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर निशाना साधा गया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu