सीरिया से रॉकेट दागे जाने के बाद यरुशलम के विवादित धार्मिक स्थल पर तनाव गहराया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 09 Apr 2023 08:38 PM
सीरिया से रॉकेट दागे जाने के बाद यरुशलम के विवादित धार्मिक स्थल पर तनाव गहराया
ऑडियो सुनें

यरुशलम. सीरिया से रॉकेट दागे जाने के बाद रविवार को इजराइल के युद्धक विमानों और तोपों ने सीरिया के कई स्थानों पर गोलाबारी की. गोलाबारी के बीच, यरुशलम के अशांत धार्मिक स्थल पर यहूदी और मुस्लिम समुदाय में तनाव चरम पर पहुंच गया है. हजारों यहूदी श्रद्धालु यरुशलम की ‘पश्चिमी दीवार’ के पास एकत्रित हुए, जिसके लिए यहूदी समुदाय के बीच काफी गहरी आस्था है. यहूदी समुदाय के लोग पासोवर त्योहार के उपलक्ष्य में ‘पश्चिमी दीवार’ पर सामूहिक रूप से प्रार्थना करते हैं.

‘पश्चिमी दीवार’ के पास एक अलग हिस्से में अल-अक्सा मस्जिद परिसर में सैकड़ों फलस्तीनियों ने रमजान के पवित्र महीने के दौरान नमाज अदा की. पुलिस के कड़े पहरे के बीच रविवार को सैकड़ों यहूदी श्रद्धालुओं ने अल-अक्सा परिसर की यात्रा की जहां फलस्तीनियों ने उनकी उपस्थिति का विरोध किया.

हाल के वर्षों में इस जगह पर यहूदी श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ी है जिससे फलस्तीन के लोगों में आशंका गहरा गई है कि इजराइल एक दिन इस समूचे हिस्से पर नियंत्रण कायम करना चाहता है. वहीं, इजराइल के अधिकारियों ने कहा है कि उनका लंबे समय से कायम व्यवस्था को बदलने का कोई इरादा नहीं है जो यहूदियों को जाने की अनुमति देता है, लेकिन मुस्लिम प्रशासित स्थल में वे प्रार्थना नहीं करते हैं.

इजराइल पुलिस द्वारा मस्जिद परिसर में की गई कार्रवाई से पिछले सप्ताह विवादित धार्मिक स्थल के पास तनाव गहरा गया. कई मौकों पर फलस्तीनी लोग अल-अक्सा मस्जिद को अंदर से बंद कर देते हैं. फलस्तीनी वहां रात भर नमाज अदा करने के अधिकार की मांग करते हैं. इजराइल ने पूर्व में रमजान के महीने के आखिरी 10 दिन के दौरान ही फलस्तीनियों को जाने की अनुमति दी थी.
पुलिस ने वहां एकत्र कई लोगों को बलपूर्वक हटा दिया, सैकड़ों लोगों को हिरासत में ले लिया. झड़प में दर्जनों घायल हो गए. धार्मिक स्थल पर हिंसा के कारण फलस्तीनी उग्रवादियों ने बुधवार से गाजा पट्टी और दक्षिणी लेबनान से रॉकेट दागे. इजराइल की सेना ने दोनों क्षेत्रों पर हवाई हमले किए.

इस बीच, पहले हमले में एक रॉकेट गोलन हाइट्स के एक मैदान में गिरा. जॉर्डन की सेना ने बताया कि एक और नष्ट मिसाइल के टुकड़े सीरिया सीमा के पास जॉर्डन के इलाके में गिरे. जबकि, इजराइल की सेना ने कहा कि उसने इजराइल के सीमा क्षेत्र में एक मिसाइल को गिरा दिया और दूसरा एक खुले क्षेत्र में गिर गया. इजराइल ने सीरिया में उस क्षेत्र में गोलाबारी की जहां से रॉकेट दागे गए थे. बाद में, सेना ने कहा कि इजराइल के लड़ाकू विमानों ने सीरिया के चौथे डिवीजन के एक परिसर सहित सीरियाई सेना के ठिकानों पर हमला किया.

तुर्किये के राष्ट्रपति रजब तैयब एर्दोआन ने शनिवार देर रात इजराइल के अपने समकक्ष इसाक हर्जोग के साथ फोन पर हिंसा के संबंध में चर्चा की. उन्होंने हर्जोग से कहा कि मुस्लिम अल-अक्सा मस्जिद के खिलाफ ‘‘उकसावे और धमकियों’’ के बारे में चुप नहीं रह सकते हैं. इस साल, इजराइल के हमले में 90 से ज्यादा फलस्तीनी मारे गए हैं जिनमें से आधे से ज्यादा उग्रवादी समूहों से जुड़े थे. वहीं, इजराइल पर फलस्तीन के हमले में 10 लोग मारे गए थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu