मुंबई इंडियंस के खिलाड़ियों और कोचिंग सदस्यों ने रोहित की कप्तानी की तारीफ की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 30 Apr 2023 09:16 PM
मुंबई इंडियंस के खिलाड़ियों और कोचिंग सदस्यों ने रोहित की कप्तानी की तारीफ की
ऑडियो सुनें

मुंबई. मुंबई इंडियंस के कप्तान के तौर पर 10 साल पूरे करने पर पांच बार की आईपीएल चैंपियन टीम के खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ ने रविवार को रोहित शर्मा की सराहना की रोहित को 24 अप्रैल 2013 को कप्तानी की बागडोर सौंपी गयी थी. उनके नेतृत्व में टीम 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 में चैम्पियन बनी. राजस्थान रॉयल्स के साथ मैच की पूर्व संध्या पर, टीम और कोचिंग सदस्यों ने कप्तान के तौर पर 10 साल के रोहित के योगदान के बारे में बात की.

टीम के बल्लेबाजी कोच कीरोन पोलार्ड ने कहा, ‘‘ उसने कप्तान के तौर पर काफी सुधार किया है. उसका नेतृत्व कौशल अच्छा हुआ है. ’’ कोच से पहले लंबे समय तक खिलाड़ी के तौर पर मुंबई की टीम से जुड़े रहे पोलार्ड ने कहा, ‘‘ उन्हें 2013 सत्र के बीच में कप्तानी की जिम्मेदारी दी गयी थी. वह उस समय काफी युवा थे.’’ रोहित को कप्तानी सौंपे जाते समय पोलार्ड टीम का हिस्सा था. उन्होंने कहा कि रोहित की सबसे बड़ी खासियत जल्दी सीखने की है.

टीम के गेंदबाजी कोच शेन बांड ने उनके करियर को ‘शानदार’ करार देते हुए कहा, ‘‘ वह मैदान के अंदर और बाहर हमारी टीम में किसी बड़ी शख्सियत की तरह हैं. टीम का नेतृत्व करने के मामले में उनका काम शानदार रहा है.’’ मुंबई की टीम के मुख्य बल्लेबाजों में से एक सूर्यकुमार यादव ने कहा कि रोहित की यात्रा एक अविश्वसनीय कहानी रही है.

उन्होंने कहा, ‘‘कप्तान के रूप में यह उनका 10वां साल है और वह भी मुंबई इंडियंस जैसी फ्रेंचाइजी के लिए. मुझे लगता है कि यह एक बहुत, बहुत बड़ी उपलब्धि है. यह अपने आप में एक कहानी है. फ्रेंचाइजी ने उनकी कप्तानी में पांच ट्रॉफी जीतीं.’’ ऑस्ट्रेलिया के हरफनमौला कैमरून ग्रीन ने कहा, ‘‘मुंबई को जो सफलता मिली है, उसमें रोहित का योगदान काफी अधिक रहा है.’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu