भाजपा ‘मन की बात’ के नाम पर लोगों को ‘झूठ की बात’ से बेवकूफ बनाती है : ममता

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 02 May 2023 08:54 PM
भाजपा ‘मन की बात’ के नाम पर लोगों को ‘झूठ की बात’ से बेवकूफ बनाती है : ममता
ऑडियो सुनें

कोलकाता. पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ को लेकर मंगलवार को निशाना साधते हुए दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) लोगों को ‘झूठ की बात’ से बेवकूफ बनाती है. साल 2021 के विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की प्रचंड जीत की दूसरी वर्षगांठ पर प्रदेश के लोगों को बधाई देते हुए बनर्जी ने अगले लोकसभा चुनाव में भाजपा को शिकस्त देने के लिए विपक्षी दलों से एकजुट होने का आग्रह किया.

उन्होंने एक वीडियो संदेश में दावा किया, ‘‘ भाजपा ‘मन की बात’ के नाम पर लोगों को ‘झूठ की बात’ से बेवकूफ बनाती है. भाजपा हर चुनाव से पहले वादे करती है और चुनाव के बाद उन्हें भूल जाती है.’’ रविवार को प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम की 100वीं कड़ी का प्रसारण किया गया था.

टीएमसी प्रमुख ने कहा, ‘‘ मैं सभी विपक्षी दलों से एकजुट होने का आग्रह करती हूं… जब सभी विपक्षी दल एक साथ आएंगे तो भाजपा लड़ाई हार जाएगी और भारत विभाजनकारी ताकतों के खिलाफ जंग जीत जाएगा.’’ टीएमसी 2021 में लगातार तीसरी बार पश्चिम बंगाल की सत्ता पर काबिज हुई थी. विधानसभा चुनाव के नतीजे 2021 में दो मई को घोषित किए गए थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu