IPS अधिकारी की गाड़ी को नुकसान पहुंचाने के आरोप में तेलुगु अभिनेत्री डिंपल पर मामला दर्ज

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 23 May 2023 08:30 PM
IPS अधिकारी की गाड़ी को नुकसान पहुंचाने के आरोप में तेलुगु अभिनेत्री डिंपल पर मामला दर्ज
ऑडियो सुनें

हैदराबाद. तेलुगु फिल्मों की एक अभिनेत्री और उसके मित्र के खिलाफ यहां भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के एक अधिकारी के वाहन को नुकसान पहुंचाने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी. अभिनेत्री डिंपल हयाथी और उनके पुरुष मित्र पर पुलिस उपायुक्त (यातायात-1) राहुल हेगड़े के पुलिस वाहन को जानबूझकर क्षतिग्रस्त करने का आरोप लगाया गया है.

अधिकारी के चालक द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, वाहन को 14 मई को तब नुकसान पहुंचाया गया जब वह यहां पॉश जुबली हिल्स इलाके में एक अपार्टमेंट के बेसमेंट में निर्धारित पार्किंग में खड़ा था. शिकायतकर्ता ने कहा कि कार को क्षतिग्रस्त करने के बाद, अभिनेत्री ने जानबूझकर वाहन के पास रखे ट्रैफिक कोन को लात मारी, जो सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गया.

अधिकारी ने कहा कि घटना के बाद चालक ने शिकायत दर्ज कराई और उसके आधार पर पुलिस ने 17 मई को संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया. उन्होंने बताया कि कि जांच अधिकारी ने सोमवार को डिंपल हयाथी और उनके मित्र को थाने बुलाया तथा पूछताछ के बाद दोनों को दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा 41 ए के तहत नोटिस दिया. इस बीच, राहुल हेगड़े ने मीडियार्किमयों से कहा कि आरोपी उनकी कार का रास्ता रोककर (कथित रूप से रास्ते में अपनी कार खड़ी करके) उन्हें बार-बार असुविधा पहुंचा रहे थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu