हमारे सैनिक बखमुत का नियंत्रण रूस को सौंप रहे हैं : वैगनर प्रमुख

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 25 May 2023 10:07 PM
हमारे सैनिक बखमुत का नियंत्रण रूस को सौंप रहे हैं : वैगनर प्रमुख
ऑडियो सुनें

कीव. रूसी निजी सेना ‘वैगनर’ के प्रमुख येवगेनी प्रिगोझिन ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि उनके सैनिकों ने यूक्रेन के शहर बखमुत का नियंत्रण मॉस्को को सौंप दिया है. उन्होंने कहा कि वैगनर के जवान अब बखमुत से वापस लौट रहे हैं. गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही प्रिगोझिन ने दावा किया था कि उनके बल ने बखमुत शहर को अपने नियंत्रण में ले लिया है.

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के करीबी समझे जाने वाले प्रिगोझिन ने एक वीडियो बयान में कहा कि बखमुत को रूसी सेना को सौंपने की कवायद एक जून तक पूरी हो जाएगी. हालांकि, इस बाबत रूसी रक्षा मंत्रालय की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. वहीं, स्वतंत्र रूप से प्रिगोझिन के दावे की पुष्टि करना संभव नहीं है.

इस बीच, यूक्रेन की उप रक्षा मंत्री हन्ना मालियार ने बृहस्पतिवार को कहा कि बखमुत में अभी भी यूक्रेनी बलों की मौजूदगी है. यूक्रेनी जनरल स्टाफ ने बुधवार को कहा था कि बखमुत के अंदर ”भीषण लड़ाई” जारी है. इससे कुछ दिन पहले रूस ने कहा था कि उसने बखमुत शहर पर पूरी तरह से कब्जा कर लिया है.

यूक्रेनी राष्ट्रपति के शीर्ष सलाहकार मिखाइलो पोडोलयाक ने बृहस्पतिवार को कहा कि यूक्रेनी बलों की जवाबी कार्रवाई जारी है और इसे किसी खास समय या दिन के हिसाब से नहीं लिया जाना चाहिए. मिखाइलो ने ट्वीट कर कहा कि कब्जे की फिराक में लगे रूसी बलों के विभिन्न प्रयासों को लगातार विफल किया जा रहा है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu