राष्ट्रीय रामायण महोत्सव: दूसरे दिन 8 राज्यों के रामायण दल देंगे प्रस्तुति

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 02 Jun 2023 12:54 PM
राष्ट्रीय रामायण महोत्सव: दूसरे दिन 8 राज्यों के रामायण दल देंगे प्रस्तुति
ऑडियो सुनें

रायपुर. छत्तीसगढ़ में पहली बार आयोजित किया जा रहा ‘राष्ट्रीय रामायण महोत्सव’ के दूसरे दिन ख्यातिप्राप्त राष्ट्रीय कलाकार बाबा हंसराज रघुवंशी और लखबीर सिंह लक्खा भजनों की प्रस्तुति देंगे. गौरतलब है कि 01 से 3 जून तक रायगढ़ के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में किए जा रहे इस महोत्सव में रामायण के अरण्य काण्ड पर रामायण दलों की प्रतियोगिता प्रतिदिन आयोजित हो रही है. छत्तीसगढ़ के लोक गायक श्री दिलीप षड़ंगी अपनी टीम के साथ महोत्सव में प्रतिदिन हनुमान चालीसा का पाठ करेंगे. इसके साथ ही साथ प्रतिदिन रात्रि में भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें देश के सुप्रसिद्ध कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे.

राष्ट्रीय रामायण महोत्सव के दूसरे दिन का मंचीय कार्यक्रम दोपहर 2 बजे से प्रारंभ होगा. संस्कृति मंत्री श्री अमरजीत भगत कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे तथा स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे. कार्यक्रम में दोपहर 2.15 बजे हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ होगा तथा दोपहर 2.30 से रात्रि 8.30 बजे तक आयोजित अरण्यकाण्ड पर आधारित प्रतियोगिता में 8 राज्यों झारखण्ड, महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, असम, ओड़िसा, हिमाचल प्रदेश, गोवा और छत्तीसगढ़ के दल हिस्सा लेंगे. भजन संध्या में रात्रि 8.30 बजे से 9.30 बजे तक ख्यातिप्राप्त राष्ट्रीय कलाकार बाबा हंसराज रघुवंशी तथा रात्रि 9.30 बजे से 10.30 बजे तक लखबीर सिंह लक्खा भजनों की प्रस्तुति देंगे.

महोत्सव के तीसरे दिन आकर्षण इंडोनेशिया के रामायण दल की प्रस्तुति होगी. इन रामायण दलों की प्रस्तुति में सर्वव्यापी भगवान श्रीराम की रामकथा के विविधतापूर्ण राष्ट्रीय-वैश्विक स्वरूपों की झलक देखने को मिलेगी. साथ ही राष्ट्रीय स्तर पर ख्याति प्राप्त कलाकार भजन संध्या में अपनी संगीतमय प्रस्तुति देंगे. रामलीला मैदान में रामकथा की अविरल भावधारा बहेगी. राष्ट्रीय रामायण महोत्सव के अंतिम दिन हिन्दी के प्रख्यात कवि कुमार विश्वास अपनी विशेष प्रस्तुति ‘अपने-अपने राम म्युजिक नाईट’ से भगवान श्रीराम की महिमा का बखान करेंगे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu