‘महाभारत’ में शकुनी की भूमिका निभाने वाले गूफी पेंटल का निधन

मुंबई. टेलीविजन धारावाहिक ‘महाभारत’ में ‘शकुनी मामा’ की भूमिका निभाने के बाद हर घर में जाना-माना चेहरा बने अभिनेता गूफी पेंटल का उम्र संबंधी समस्याओं के कारण यहां एक अस्पताल में सोमवार को निधन हो गया. वह 79 वर्ष के थे. अभिनेता के भतीजे हितेन पेंटल ने यह जानकारी दी. गूफी का असली नाम सर्वजीत सिंह पेंटल था. वह उपनगरीय अंधेरी के एक अस्पताल में भर्ती थे.

उनके भतीजे हितेन पेंटल ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ”वह नहीं रहे. सुबह नौ बजे अस्पताल में उनका निधन हो गया. उनके दिल ने काम करना बंद कर दिया और नींद में ही उन्होंने अंतिम सांस ली.” हितेन ने पहले ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया था कि अभिनेता उम्र संबंधी समस्याओं से परेशान हैं.

हितेन ने ‘पीटीआई-भाषा’ को पहले बताया था, ”उन्हें रक्तचाप और हृदय संबंधी समस्याएं हैं. वह काफी समय से अस्वस्थ हैं. तबीयत ज्यादा बिगड़ने के कारण हमने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया. वह सात-आठ दिन से अस्पताल में हैं. शुरू में उनकी हालत गंभीर थी, लेकिन फिलहाल स्थिर है.” गूफी पेंटल का अंतिम संस्कार शाम 4:30 बजे उपनगरीय मुंबई में अंधेरी के ओशिवारा अंत्येष्टि स्थल पर किया गया. अंतिम संस्कार उनके बेटे हैरी ने किया.

हितेन ने कहा, ”अंत्येष्टि स्थल पर फिल्म उद्योग से पंकज धीर और सुरेंद्र पाल सहित हमारे परिवार के लोग और दोस्त मौजूद थे.” धारावाहिक ‘महाभारत’ में भीष्म की भूमिका निभाने वाले अभिनेता मुकेश खन्ना ने गूफी पेंटल के साथ अपने संबंधों को याद करते हुए कहा, ”मेरा ‘महाभारत’ के समय से ही उनसे रिश्ता था और फिर ‘शक्तिमान’ में हमने साथ काम किया. ‘महाभारत’ में हमारे बीच टकराव के लंबे लंबे दृश्य थे. उन्होंने ही मुझे ‘महाभारत’ में भूमिका के लिए बुलाया था और इसके साथ ही हमारी बातचीत शुरू हुई. वही लोगों को बुलाते थे, फिर ऑडिशन होता था.”

धीर ने कहा,” गूफी पेंटल “एक अच्छे दोस्त” थे, जिनके साथ मैंने और सह-कलाकार पुनीत इस्सर ने शकुनी, कर्ण और दुर्योधन की खलनायक तिकड़ी के रूप में सेट पर एक साथ बहुत समय बिताया. शकुनी के रूप में उनकी भूमिका बहुत ही दमदार थी . आज भी लोग उनकी नकल करने की कोशिश करते हैं लेकिन इस भूमिका में उनका मुकाबला कोई नहीं कर पाया.” ‘शकुनी मामा’ महाकाव्य महाभारत का एक प्रमुख पात्र था और दुर्योधन की कुटिल नीतियों के पीछे शकुनि का हाथ माना जाता है .

‘सिने एंड टीवी आर्ट्ट्सिस एसोसिएशन’ (सिनेटा) के आधिकारिक ट्विटर खाते पर गूफी पेंटल को श्रद्धांजलि दी गई. खाते से ट्वीट किया गया, ”सिनेटा गूफी पेंटल के निधन पर शोक व्यक्त करती है.” गूफी पेंटल सितंबर 1992 से ‘सिनेटा’ के सदस्य थे. अभिनेत्री निमरत कौर ने ट्वीट किया, ” बचपन के हमारे शकुनी मामा …भारतीय सिनेमा में शानदार योगदान… परिवार के साथ संवेदनाएं. गूफी पेंटल जी, भगवान आपकी आत्मा को शांति प्रदान करें.” ‘दहाड़’ के अभिनेता गुल्शन देवय्या ने गूफी पेंटल की तस्वीर साझा कर उन्हें श्रद्धांजलि दी.

उन्होंने ट्वीट किया, ”सरबजीत सिंह ‘गूफी’ पेंटल. 4 अक्टूबर 1944 – 5 जून 2023-श्रद्धांजलि.” पेंटल ने 1980 के दशक में ‘सुहाग’, ‘दिल्लगी’ जैसी फिल्मों में काम करने के साथ ही ‘सीआईडी’ और ‘हेलो इंस्पेक्टर’ जैसे टेलीविजन धारावाहिक भी किए. हालांकि बी. आर. चोपड़ा के धारावाहिक ‘महाभारत’ में शकुनी के उनके किरदार से उन्हें घर-घर में पहचान मिली. उनके छोटे भाई पेंटल (असली नाम कंवरजीत) भी एक प्रसिद्ध अभिनेता हैं. गूफी पेंटल के परिवार में उनका बेटा, बहू और एक पोती है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button