व्यापमं की परीक्षाओं के लिए आवेदन पूरी तरह निःशुल्क

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 05 Jun 2023 07:23 PM
व्यापमं की परीक्षाओं के लिए आवेदन पूरी तरह निःशुल्क
ऑडियो सुनें

रायपुर. मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्देश पर युवाओं को सरकारी नौकरी का अवसर देने के लिए विभिन्न विभागों द्वारा लगातार रिक्त पदों पर भर्तियां निकाली जा रही है. इससे प्रदेश के लाखों युवा उत्साहित है और भर्ती परीक्षाओं के लिए बढ़-चढ़कर आवेदन कर रहे हैं. मुख्यमंत्री श्री बघेल की घोषणा के अनुरूप अभ्यर्थी व्यापमं की परीक्षाओं के लिए निःशुल्क आवेदन कर पा रहे हैं. साथ ही ऑनलाईन आवेदन की प्रक्रिया को सरल बनाने से अभ्यर्थियों को आवेदन करने में बड़ी आसानी हो रही है.

छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मण्डल द्वारा परीक्षार्थियों को प्रोफाइल बनाने की सुविधा दी गई है, अपनी प्रोफाइल के माध्यम से अभ्यर्थी अनेक परीक्षाओं के लिए आसानी से आवेदन भर सकेंगे. इस व्यवस्था से अभ्यर्थी को आवेदन करते समय बार-बार अपनी मूल जानकारी आवेदन में भरने की आवश्यकता नहीं होगी. युवाओं के हित में लिए गए इन फैसलों का सकारात्मक परिणाम यह है कि व्यापमं की वेबसाईट पर अब तक अभ्यर्थियों के 7 लाख 80 हजार 117 प्रोफाइल बन चुके हैं और इसके माध्यम से विभिन्न पदों के लिए 12 लाख 26 हजार आवेदन पत्र भरे जा चुके हैं.

प्रोफाइल में ऑनलाईन सुधार के लिए 20 दिनों का समय

व्यापमं द्वारा ऑनलाईन आवेदन में त्रुटि सुधार के लिए भी प्रक्रिया को आसान बनाया गया है. अभ्यर्थियों द्वारा वेबसाईट पर बनाए गए प्रोफाइल में त्रुटि होने की स्थिति में 20 दिनों के भीतर सुधारने का अवसर दिया जा रहा है. व्यापमं के अधिकारियों द्वारा बताया गया है कि आवेदन सुधारने की अंतिम तिथि निकल जाने के बाद प्रोफाइल सुधारना उचित नहीं होगा, क्योंकि इससे आवेदन पत्र में गलती रह जाने की संभावना बनी रहेगी. 20 दिनों के भीतर प्रोफाइल में ऑनलाईन सुधार न करने पर अभ्यर्थी को व्यापमं आकर ऑफलाईन सुधार कराना होगा. साथ ही इन 20 दिनों में प्रोफाइल में ऑनलाईन सुधार न करने पर ही आवेदक को 200 रूपए देने होंगे और ऐसा इसलिए किया गया है ताकि अभ्यर्थी आवेदन करने में पर्याप्त सावधानी बरतें और लापरवाही की वजह से सेवा में नियुक्ति के दौरान आने वाली समस्याओं से बच सकें.

गौरतलब है कि अब तक केवल 2 हजार 182 आवेदकों को ही व्यापमं आकर ऑफलाईन प्रोफाइल में त्रुटि सुधार की आवश्यकता पड़ी है, जो व्यापमं में आवेदकों द्वारा बनाए द्वारा प्रोफाइल का मात्र 0.002 प्रतिशत है.

व्यापमं में बने अभ्यर्थियों के प्रोफाइल जल्द जुड़ेंगे आधार से

छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मण्डल द्वारा अभ्यर्थियों के प्रोफाइल को जल्द ही आधार से जोड़ने की सुविधा शुरू की जाएगी. इस व्यवस्था से किसी भी आवदेक को ऑफलाईन प्रोफाइल सुधारने के लिए व्यापमं आने की जरूरत नहीं होगी. आवेदक ऑनलाईन घर बैठे ही अपने प्रोफाइल में सुधार कर सकेंगे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu