भारत के खिलाफ डब्ल्यूटीसी फाइनल में कमिंस को बोलैंड से ‘बड़ा प्रभाव’ डालने की उम्मीद

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 06 Jun 2023 09:10 PM
भारत के खिलाफ डब्ल्यूटीसी फाइनल में कमिंस को बोलैंड से ‘बड़ा प्रभाव’ डालने की उम्मीद
ऑडियो सुनें

लंदन. ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस को उम्मीद है कि चोटिल जोश हेजलवुड की जगह अंतिम एकादश में जगह पाने के प्रबल दावेदार तेज गेंदबाज स्कॉट बोलैंड भारत के खिलाफ विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप (डब्ल्यूटीसी) फाइनल बड़ा प्रभाव डालेंगे. लंदन में पिछले कुछ दिनों से आसमान में बादल छाये हुए हैं और इन परिस्थितियों में गेंद को स्विंग कराने वाले गेंदबाजों को फायदा होता है. यह परिस्थितियां बोलैंड की गेंदबाजी के मुफीद हैं.

कमिंस की इन बातों ने लगभग यह भी तय कर दिया कि टीम में उनके और मिशेल स्टार्क के साथ बोलैंड तीसरे तेज गेंदबाज होंगे.
कमिंस ने मैच पूर्व संध्या पर इस बारे में पूछे जाने पर कहा, ” उम्मीद है वह काफी बड़ा प्रभाव डालेंगे. ऐसी परिस्थितियां उसके लिए मददगार होती हैं. आप कहेंगे कि उसने यहां ज्यादा नहीं खेला है लेकिन वह ऐसा गेंदबाज है जो सही जगह गेंद को टप्पा दिलाकर पिच से मदद लेने की कोशिश करता है.” बोलैंड ने 2021 में ऑस्ट्रेलिया को एशेज श्रृंखला में जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी. उन्होंने अब तक सात टेस्ट में 28 विकेट लिये हैं.

कमिंस ने कहा, ” वह टीम को मजबूती प्रदान करता है. वह शानदार गेंदबाज है. उसने भारत में भी सपाट पिच पर पहले टेस्ट मैच में प्रभावित किया था. अगर पिच से कोई मदद मिली तो वह अपने खेल को अगले स्तर तक ले जायेगा.” ऑस्ट्रेलिया के कप्तान ने कहा कि वह ड्यूक गेंद से गेंदबाजी करने का इंतजार कर रहे हैं.

उन्होंने कहा, ” इस सप्ताह यहां का मौसम शानदार है. आज थोड़े बादल है , लेकिन पिच पर अगर थोड़ी घास हुई तो ड्यूक गेंद से काफी मदद मिलेगी. यह तेज गेंदबाजों के लिए रोमांचक होगा.” कमिंस ने इस मौके पर उम्मीद जतायी की बड़े टूर्नामेंटों के फाइनल में जीतने के अनुभव से उनकी टीम को फायदा होगा.

भारतीय टीम ने 2013 के बाद से अभी तक आईसीसी ट्रॉफी नहीं जीती है, लेकिन ऑस्ट्रेलिया ने दो साल पहले (2021) में टी20 विश्व कप जीता था. कमिंस से जब इसके असर के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, ” आप जानते हैं कि ज्यादा क्रिकेट खेलने का एक फायदा यह भी है कि आपको दबाव के क्षणों और फाइनल का अनुभव मिलता है. ऐसे में अनुभवी टीम होने का फायदा हमें मिलेगा.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu