रूस में फंसे 216 यात्रियों को सैन फ्रांसिस्को ले जाने के लिए एअर इंडिया का विमान रवाना

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 07 Jun 2023 09:31 PM
रूस में फंसे 216 यात्रियों को सैन फ्रांसिस्को ले जाने के लिए एअर इंडिया का विमान रवाना
ऑडियो सुनें

मुंबई. उड़ान में तकनीकी खामी के कारण रूस में फंसे 216 यात्रियों को अमेरिका में उनके गंतव्य सैन फ्रांसिस्को तक पहुंचाने के लिए एअर इंडिया का एक विमान बुधवार अपराह्न तीन बजकर 20 मिनट पर मुंबई से मगदान (रूस) रवाना हुआ. विमानन कंपनी ने कहा कि विमान मगदान में फंसे यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को लेकर आठ जून को सैन फ्रांसिस्को की उड़ान भरेगा.

एअर इंडिया की उड़ान संख्या एइआई-173 छह जून को दिल्ली से सैन फ्रांसिस्को के लिए रवाना हुई थी लेकिन बीच हवा में बोइंग-777 विमान के एक इंजन में तकनीकी खराबी आने का पता चला. इसके बाद इस विमान को रूस के मगदान हवाई अड्डे पर आपात स्थिति में उतरना पड़ा था. इस विमान में 216 यात्री और चालक दल के 16 सदस्य सवार थे.

फंसे यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को सैन फ्रांसिस्को ले जाने वाले विमान को पहले बुधवार को दोपहर एक बजे मुंबई के छत्रपति शिवाजी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से मगदान के लिए उड़ान भरनी थी. एअर इंडिया ने एक बयान में कहा, “मुंबई से मगदान के बीच हमारी एक उड़ान रवाना हो चुकी है और इसके आठ जून को स्थानीय समयानुसार सुबह साढ़े छह बजे रूस पहुंचने का अनुमान है.” बयान के मुताबिक, विमानन कंपनी का एक दल भी विमान में सवार है, जो मगदान में मौजूद यात्रियों और कर्मचारियों को जरूरी सहायता प्रदान करेगा. इसमें कहा गया कि विमान से रूस में फंसे यात्रियों और चालक दल के सदस्यों के लिए भोजन व अन्य जरूरी वस्तुएं भी भेजी गई हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu