फ्रांस: चाकू से किये गये हमले में चार बच्चे गंभीर रूप से घायल

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Thu, 08 Jun 2023 10:18 PM
फ्रांस: चाकू से किये गये हमले में चार बच्चे गंभीर रूप से घायल
ऑडियो सुनें

पेरिस. फ्रांस में आल्प्स क्षेत्र के एक शहर में बृहस्पतिवार को एक हमलावर ने कई बच्चों और वयस्क व्यक्तियों पर चाकू से हमला किया, जिसमें कुछ को जानलेवा चोटें आई हैं. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. एनेंसी शहर के एक पार्क में हुई इस घटना की जांच कर रहे अभियोजक ने बताया कि हमले में 22 महीने और तीन साल के बीच की आयु के चार बच्चों को जानलेवा चोटें आई हैं. साथ ही, दो वयस्क व्यक्ति भी घायल हुए हैं.

अभियोजक ने कहा कि हमलावर के मकसद का पता नहीं चल पाया है, लेकिन यह आतंकवाद से जुड़ा प्रतीत नहीं होता. अधिकारियों ने बताया कि हमले के सिलसिले में 31 वर्षीय एक सीरियाई व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है. प्रधानमंत्री एलिजाबेथ बोर्न ने कहा कि व्यक्ति को स्वीडन में शरणार्थी का दर्जा प्राप्त है.

सोशल मीडिया पर प्रसारित घटना के वीडियो में यह देखा जा सकता है कि झील के किनारे स्थित एनेंसी शहर में बच्चों के एक पार्क में यह हमला हुआ. वीभत्स दृश्य में, काला चश्मा पहने और नीले स्कार्फ से अपना सिर ढंके एक व्यक्ति को चाकू के साथ देखा जा सकता है. वीडियो में देखा जा सकता है कि व्यक्ति चाकू लहराते हुए ईसा मसीह के नाम का उद्घोष कर रहा है, जबकि आसपास मौजूद लोग मदद की गुहार लगा रहे हैं.

हमलावर ने उसे रोकने के लिए उसकी ओर आने की कोशिश करने वाले एक व्यक्ति पर हमला कर दिया. चारों ओर से बंद पार्क में  दहशत फैल गई. हमलावर को अपनी ओर आता देख एक महिला ने उसे धकेलते हुए मदद की गुहार लगाई. महिला ने बचाव करने की कोशिश की, लेकिन वह उसे बार-बार वार करने से रोक पाने में नाकाम रही.

राष्ट्रपति एमैनुएल मैक्रों ने हमले को ‘पूरी तरह से कायराना हमला’ करार दिया. उन्होंने कहा, ”राष्ट्र स्तब्ध है.” उल्लेखनीय है कि दिन में स्थानीय पुलिस ने कहा था कि हमले में घायल हुए चार बच्चों की उम्र पांच साल से कम है. वहीं, नेशनल पुलिस ने कहा था कि इन घायल बच्चों में दो की उम्र करीब तीन साल है, उन्हें जानलेवा चोटें आई हैं, और एक वयस्क व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है. स्थानीय सांसद एंटनी आरमंड ने कहा कि बच्चों पर एक पार्क के मैदान में हमला किया गया.

पेरिस में नेशनल एसेंबली भवन में बीएफएमटीवी से बातचीत में उन्होंने कहा कि पीड़ितों में छोटे बच्चे भी शामिल हैं और उन पर क्रूरता से हमला किया गया. हमला एक प्राथमिक विद्यालय के पास हुआ. पेरिस में, सांसदों ने संसद की कार्यवाही रोककर एक मिनट का मौन रखा. सदन के अध्यक्ष येल ब्राउन पिवेत ने कहा, ”कुछ छोटे बच्चों की हालत नाजुक है और मैं आपसे उनके परिवार के लिए एक मिनट का मौन रखने का अनुरोध करता हूं.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav